कसोल से आतंकी कनेक्शन पर पर्यटन कारोबार ठप, एडवांस बुकिंग हो रही रदद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पार्वती घाटी के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कसोल से आतंकी कनेक्शन की सूचना से पर्यटन कारोबार ठप हो गया है। आतंकी कनेक्शन और कसोल में इन दिनों पुलिस की सक्रियता से पर्यटक पार्वती घाटी में आने से डर रहे हैं। विंटर सीजन के लिए की गई एडवांस बुकिंग भी रद्द की जा रही है।
मणिकर्ण वैली के होटलों में इन दिनों ऑक्युपेंसी दस फीसदी से भी कम चल रही है। जबकि पहले यह ऑक्युपेंसी 35 फीसदी से अधिक थी। एडवांस बुकिंग रद्द होने से पर्यटन कारोबारी सकते में है। इन दिनों कसोल पहुंचे पर्यटक भी पुलिस की सक्रियता को देखकर वापस लौट रहे हैं।
शांत वादियों में समय गुजारने पहुंचे पर्यटक अशांति के संकेत को देखते हुए कसोल से किनारा कर रहे हैं। वहीं, बिना मंजूरी चल रहे होटलों को बंद करने के आदेश से भी पर्यटक चिंतित हो गए हैं कि कसोल पहुंचने पर अब उन्हें ठहरने को जगह मिलेगी या नहीं।
पर्यटन व्यवसायी चिंता में डूबे
इस संबंध में लगातार पर्यटन कारोबारियों को पर्यटक पूछ रहे हैं। विंटर सीजन को लेकर पर्यटन व्यवसायी चिंता में डूबे हैं। कसोल में क्रिसमस और न्यू ईयर इव मनाने के लिए देश व विदेश से भारी संख्या में युवा पहुंचते हैं। होटलों में विशेष आयोजन किए जाते हैं।
जिनके आयोजन तय कर लिए गए हैं, लेकिन अब धड़ाधड़ रद्द हो रही बुकिंग से होटल व्यवसायी परेशान हैं। होटल व्यवसायियों का आरोप है कि कसोल को बेवजह बदनाम किया जा रहा है और पुलिस भी पर्यटकों से पूछताछ कर रही है।
जिस कारण पर्यटक कसोल की बजाए दूसरे क्षेत्र को तव्वजो दे रहे हैं। संदिग्ध आतंकी का कसोल कनेक्शन से पार्वती वैली के पर्यटन पर प्रतिकूल असर पड़ा है। पर्यटकों के बीच नकारात्मक छवि बन रही है।
मणिकर्ण वैली होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष किशन ठाकुर व उपाध्यक्ष संजय ने बताया कि पर्यटन शांत वादियों में अपना समय गुजारना चाहते हैं, लेकिन पुलिस की सक्रियता व पूछताछ को देखकर पर्यटक घबरा रहे हैं। कसोल में संदिग्ध आतंकी की ओर से रेकी करने की खबर के बाद पर्यटन एकाएक गिर गया है।