आज जब्त होगी जनशताब्दी एक्सप्रेस, नोटिस पहुंचा
दो किसानों को मुआवजा न देने पर कोर्ट के आदेशानुसार जनशताब्दी एक्सप्रैस को ऊना रेलवे स्टेशन में रोका जाएगा। जनशताब्दी को जब्त करने से संबंधित नोटिस रेलवे दफ्तर पहुंच चुका है।
जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन को जब्त करने के अदालती आदेशों से रेलवे अधिकारियों में खलबली मची हुई है। बुधवार को अदालत के वैलिफ रेलवे विभाग के कार्यालय पहुंचे, जहां रेलवे का कोई उच्च अधिकारी नहीं मिला।
इसके चलते अदालत के वैलिफ ने चौकीदार के माध्यम से जनशताब्दी ट्रेन जब्त करने के संदेश को रेलवे अधिकारियों तक पहुंचा दिया है।
किसानों की ओर से अधिवक्ता अरुण कुमार सैणी ने पुष्टि करते हुए बताया कि बुधवार को अदालत के वैलिफ रेलवे कार्यालय गए थे, जहां ट्रेन जब्त करने के संदेश को सौंपा गया है।
अधिकारियों ने साधी चुप्पी
उधर रेलवे विभाग के अधिकारी मामले पर कुछ कहने से बच रहे हैं। वहीं रेलवे का लीगल सेल समय पर मुआवजा राशि देने की बात कर रहा है।
1998 को रेलवे की ओर से अधिग्रहित की गई भूमि का मुआवजा न मिलने पर मेला राम एवं मदन लाल ने अदालत में केस किया था।
अदालत ने रेलवे और प्रभावित लोगों का पक्ष सुनने के उपरांत मेला राम को 8 लाख 91 हजार 424, जबकि मदन लाल का 26 लाख 53 हजार 814 रुपये मुआवजा बनता था।
अदालत ने 9 अप्रैल 2015 को मुआवजे के रूप में 16 अप्रैल को जनशताब्दी ट्रेन को अटैच करने के निर्देश सुनाए थे।