गहरी खाई में गिरी कार, तीन पर्यटकों की मौके पर मौत, एक घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ददाहू-संगड़ाह सड़क पर खड़कोली के समीप शुक्रवार शाम एक कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में तीन पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को 108 एंबुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल ददाहू पहुंचाया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार हादसे के शिकार पर्यटक हरियाणा के रेलवे रोड जगाधरी निवासी हैं। जो हरिपुरधार की ओर जा रहे थे। ददाहू से सिर्फ 8 किलोमीटर की दूरी पर स्थित दनोई के साथ लगते खड़कोली के समीप यह हादसा हुआ।
संगड़ाह की तरफ जाते समय चालक ने खड़कोली के समीप गाड़ी (डीएल5-सीडी-0810) से नियंत्रण खो दिया। स्थानीय लोगों की सहायता से घायल और मृतकों को खाई से बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि दो पर्यटकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था।
जबकि, गंभीर रूप से घायल दो अन्य पर्यटकों को सिविल अस्पताल ददाहू पहुंचाया गया। उपचार के दौरान एक पर्यटक ने दम तोड़ दिया। घायल की पहचान जगाधरी के रेलवे रोड निवासी 45 वर्षीय शशि के रूप में हुई है।
मृतकों की पहचान राजीव कपिल, मनोज कुमार और विनोद कुमार निवासी जगाधरी के रूप में हुई है। एसपी रोहित मालपानी ने बताया कि दुर्घटना की छानबीन की जा रही है।
मौत का सौदागर बन गया खड़कोली
ददाहू-संगड़ाह सड़क मार्ग मौत का सौदागर बन गया है। सड़क के किनारे पैरापिट व क्रैश बैरियर न होने से पर्यटकों को सड़क की स्थिति का सही अंदाजा पता नहीं चल पाता। खड़कोली के पास एक के बाद एक सड़क हादसे हो रहे हैं।
इसके बावजूद भी विभाग खामोश बैठा है। यह वही स्थान है जहां पर मुख्य सड़क के ठीक ऊपर से उंगरकांडो संपर्क सड़क मार्ग का निर्माण हुआ है। निर्माणाधीन सड़क से निकले पत्थर व चट्टानें मौत को दावत दे रही हैं।
इससे पहले भी चट्टानें गिरने व मलबे से तंग हुई सड़क पर हादसे होने से कई जानें जा चुकी हैं। थोड़ी सी बारिश होने पर मार्ग अकसर बंद रहता है। लेकिन, विभाग इस ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा के कोई इंतजाम करता नजर नहीं आ रहा है। इस सड़क पर लगातार बढ़ रहे मौत के आंकड़ों से भी विभाग व सरकार गंभीर नहीं है।