शिमला: नदी में जा गिरी कार, मां-बेटी समेत तीन की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिमला के तहसील कोटखाई के तहत हुल्ली-हिमरी सड़क पर वीरवार दोपहर करीब एक बजे एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इससे दो महिलाओं की मौके पर मौत हो गई। तीन लोग गंभीर घायल हुए हैं। मृतक महिलाओं में मां और बेटी शामिल हैं।
हादसा हुल्ली पुल पर हुआ। बताया जा रहा है कि चालक के नियंत्रण खोने के कारण कार गिरी नदी में गिर गई। हादसे के समय वाहन में पांच लोग सवार थे। कार सवार हुल्ली से हिमरी किसी रिश्तेदार की मौत के बाद शोक व्यक्त करने जा रहे थे।
हादसे में रोशनी देवी (60) पत्नी रमेश शर्मा निवासी गांव गुम्मा, कृष्णा शर्मा (31) पत्नी सोहन लाल निवासी गांव पुजारली कलबोग की मौके पर मौत हो गई। हादसे में रमेश शर्मा गांव गुम्मा, ज्ञान चंद गांव बडे़च और बाला नंद शर्मा गंभीर घायल हो गए।
हादसे के बाद लोगों ने घायलों और मृतकों को आईजीएमसी पहुंचाया। अस्पताल आने के बाद ज्ञान चंद की भी मौत हो गई। दो अन्य का उपचार चल रहा है। उधर, हादसे की सूचना के बाद कोटखाई थाने से पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। उधर, कोटखाई के थाना प्रभारी रजनीश ठाकुर ने हादसे की पुष्टी की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
शादी में आया दिल्ली का युवक खड्ड में डूबा
बैजनाथ (कांगड़ा) वहीं, राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर पपरोला से दो किलोमीटर दूरी पर स्थित टासी जोंग में पुन्न खड्ड में डूबने से 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई है। युवक की पहचान नई दिल्ली निवासी आकाश के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। युवक दोस्तों संग तारागढ़ में एक शादी समारोह में आया था। आकाश गुड़गांव में कार्यरत तारागढ़ निवासी राजन और इशांत के साथ शादी समारोह में भाग लेने आया था।
वीरवार सुबह करीब साढे 10 बजे तीनों समीपवर्ती खड्ड में नहाने चले गए। राजन खड्ड के किनारे पर टूथ ब्रश करने लगा, जबकि इशांत और आकाश पानी से खेलने लगे। इतने में आकाश खड्ड के किनारे को छोड़कर गहरे पानी में जाने लगा।
दोस्त ने आगे जाने से रोका लेकिन नहीं माना
इशांत ने आकाश को आगे जाने से रोका, लेकिन आकाश यह कहकर कि उसे तैरना आता है, आगे बढ़ गया और गहरे पानी में पहाड़ी के नीचे फंस गया। यह सब देखकर इशांत आकाश को बचाने के लिए आगे चला गया। दोनों के बाहर न आने पर राजन ने शोर मचाना शुरू कर दिया और इशांत को बचाने लगा।
यह सब देखकर एक अन्य बाहरी युवक ने दोनों को बाहर निकाला। आकाश की हालत को देखते हुए तुरंत 108 एंबुलेंस से आयुर्वेदिक चिकित्सालय लाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, डीएसपी पूर्ण चंद ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।