अलग-अलग सड़क हादसों में तीन की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पठानकोट-डलहौजी मार्ग पर मेगजीन के पास एक गाड़ी के लगभग 250 मीटर खाई में गिर जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक डलहौजी का रहने वाला था और होटल व्यवसायी था। इस दुर्घटना की खबर जैसे ही डलहौजी वासियों को मिली, समूचा क्षेत्र शोकग्रस्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवा होटल व्यवसायी रक्षित सोनी (37) निवासी कोर्ट रोड डलहौजी अपने रिश्तेदार प्रकाश आहुजा (72) के साथ फार्च्यूनर गाड़ी से दिल्ली से डलहौजी आ रहा था। रक्षित सोनी रात लगभग दस बजे होशियारपुर से आगे डलहौजी के लिए निकला था, लेकिन डलहौजी से चंद किलोमीटर पहले गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में गिरी, जिससे रक्षित सोनी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि प्रकाश आहुजा गाड़ी के पलटते ही बाहर गिर गया।
उसे गंभीर हालत में डलहौजी अस्पताल लाया गया। डलहौजी अस्पताल से उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, लेकिन उनके परिजन उनको पठानकोट अस्पताल उपचार के लिए ले गए। मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उसका अंतिम संस्कार रविवार को किया जाएगा।
जीप खाई में लुढ़की, चालक की मौत
शिमला में नेरवा-रेवलपुल मार्ग पर झिकनीपुल के समीप एक बोलैरो कैंपर जीप दुर्घटनाग्रस्त हुई है। घटना में चालक की मौके पर ही मौत हो गई है। बोलैरो कैंपर नंबर एचपी 62ए 2874 जंजाल पुल से झिकनीपुल की ओर जा रही थी। इसी बीच गाड़ी अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गाड़ी करीब चार सौ मीटर गहरी खाई में लुढ़क गई।
हादसे में चालक बम्टा पंचायत के झिकनीपुल निवासी विनित पांटा (34) की मौके पर ही मौत हो गई है। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शव को खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल चौपाल पहुंचाया। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।चौपाल पुलिस थाना प्रभारी गुलाम अकबर ने बताया कि मामला दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
78 मील में बाइक स्किड, युवक की मौत
पालमपुर-बैजनाथ मार्ग पर 78 मील के पास एक बाइक स्किड होने से चालक की मौत हो गई है। बाइक को मझैरणा गांव के 29 वर्षीय युवक विनय डोगरा चला रहे थे। पालमपुर स्थित बैंक में कार्यरत विनय पालमपुर से पपरोला की तरफ आ रहा था। इसी दौरान 78 मील के समीप एनएच पर बाइक के अचानक स्किड हो जाने से घायल हो गया। इस दौरान वाहन चालक एकत्रित हो गए और तुरंत पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचित किया।
घायल विनय का विवेकानंद अस्पताल में इलाज किया गया, मगर उसे बचाया नहीं जा सका। दुर्घटना में विनय के सिर पर गहरी चोट आई थी और सिर से बह रहा खून बंद नहीं हो रहा था। पालमपुर थाना प्रभारी गुरवचन ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।