छात्रा की बेरहमी से पिटाई, कान से निकलने लगा खून
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक छात्रा को सहपाठियों से बात करना महंगा पड़ गया। छात्रा सहपाठियों से बात कर रही थी कि अध्यापिका कक्षा में आई और बातें कर रही दस वर्षीय छात्रा को थप्पड़ जड़ दिए। इससे छात्रा के कान से खून निकल आया।
मामला हिमाचल के हमीरपुर का है। यहां राजकीय प्राथमिक पाठशाला धनेटा की एक छात्रा को सहपाठियों से बात करने पर टीचर ने बेरहमी से पीट दिया। इससे छात्रा के कान से खून निकल आया। क्लास में बैठे दूसरे छात्र ये देखकर सहम गए।
कुछ देर घायल छात्रा का स्कूल में प्राथमिक उपचार करते रहे, लेकिन कान से लगातार रक्तस्त्राव होने से उसे पीएचसी धनेटा ले जाया गया। चिकित्सकों ने छात्रा को सिविल अस्पताल नादौन रेफर कर दिया। नादौन में डाक्टर ऋषभ चड्ढा ने प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा को क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में ईएनटी विशेषज्ञ के पास रेफर कर दिया है।
पुलिस तक पहुंचा मामला
छात्रा की दादी आशा वर्मा निवासी धनेटा ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उसकी पोती तनवी (10) राजकीय प्राथमिक पाठशाला धनेटा में पढ़ती है। मंगलवार सुबह तनवी स्कूल गई। स्कूल में वह अपने सहपाठियों से बात कर रही थी। इसके चलते अध्यापिका ने उसे थप्पड़ जड़ दिए।
इस दौरान थप्पड़ उसके कान पर भी पड़ा। इससे तनवी के कान से खून निकल आया। पुलिस ने पीड़ित छात्रा की दादी की शिकायत के आधार पर मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, आरोपी टीचर का कहना है कि छात्रा के कान में पहले ही जख्म था जिससे ये खून निकला है।
थाना प्रभारी जसवीर कुमार का कहना है कि पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। छात्रा के बयान कलमबद्ध कर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।