स्विटजरलैंड के कूफर बने पैराग्लाइडिंग वर्ल्ड चैंपियन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्विटजरलैंड के कूफर पैराग्लाइडिंग के वर्ल्ड चैंपियन बन गए हैं। कूफर ने वर्ल्ड टूर्नामेंट में पहला स्थान हासिल किया है। स्पेन के बोनेट दूसरे और फ्रांस के जूलियन रिटज तीसरे स्थान पर रहे। महिलाओं में जापान की सातो ने पहला, चेक रिपब्लिक की पेट्रा स्लीवोवा ने दूसरा और स्विटजरलैंड की मार्गएलिस्च ने तीसरा स्थान हासिल किया है।
भारतीयों में मनाली के अजय शर्मा पहले, पंजाब के गुरप्रीत दूसरे और बीड़ के अरविंद पाल तीसरे स्थान पर रहे। यूके की टीम पहले स्थान, फ्रांस दूसरे और स्लोविनिया तीसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता में 14 महिला पायलटों के अतिरिक्त आठ भारतीय पायलटों ने भी उपस्थिति दर्ज करवाई। वर्ल्ड टूर्नामेंट में 35 देशों के 129 पायलटों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में कई पायलट हुए घायल
प्रतियोगिता के दौरान कई पायलट घायल भी हुए हैं। पांच दिन के टास्क में प्रतिभागी पायलटों के प्रदर्शन के आधार पर विजेताओं की घोषणा की गई। प्रतिभागी पायलटों के प्रत्येक टास्क को रोजाना जीपीएस से लोड किया जाता रहा।
पांच दिन में जीपीएस रिकॉर्ड से पायलटों के प्रदर्शन को जांचा गया। एक महिला पायलट के पहले दिन के टास्क में घायल हो जाने पर शेष दिनों में 13 महिला पायलटों ने ही भाग लिया। विजेताओं को शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा ने 22 केटी गोल्ड मेडल पहनाया।
आखिरी दिन 75.33 किमी टास्क
अंतिम दिन मौसम के उड़ानों के अनुकूल रहने पर प्रतिभागियों को 75 .33 किलोमीटर का टास्क दिया गया था। सुबह 11 बजकर पांच मिनट पर प्रतिभागियों के लिए बिलिंग में विंडो ओपन हुई और 12 बजकर पांच मिनट पर बंद कर दी गई। इस दौरान 13 महिला पायलटों और आठ भारतीय पायलटों सहित कुल 114 प्रतिभागियों ने उड़ान भरी।
करीब आधा दर्जन प्रतिभागी लैंडिंग स्थल के बजाय अन्य स्थानों पर लैंड कर गए। प्रतियोगिता के ऑबजर्वर कर्नल डीके रथ ने बताया कि किसी भी प्रतियोगिता के परिणाम के लिए तीन दिन का टास्क पूरा किया जाना आवश्यक होता है।
वर्ल्ड कप के सफल आयोजन के बाद सरकार का बड़ा फैसला
वहीं, बीड़ बिलिंग में साहसिक खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 1450 कनाल भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। पैराग्लाइडिंग वर्ल्ड कप के समापन पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश में भारत के पहले पैराग्लाइडिंग वर्ल्ड कप के आयोजन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की पहचान बनेगी। पैराग्लाइडिंग को भी अन्य खेलों की तरह स्वीकार किया जाएगा।
बीड़ में देश के पहला पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण संस्थान शुरू होने से देश के युवा इस खेल का प्रशिक्षण लेकर देश का नाम रोशन करेंगे। प्रशिक्षण संस्थान को जल्द शुरू किया जाएगा। इतने बड़े स्तर पर खेल के सफल आयोजन को बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन बधाई की पात्र है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बीड़ में 18 होल वाले गोल्फ कोर्स का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा।
परियोजना कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है। उन्होंने बाहरी देशों से आए पायलटों का स्वागत किया और कहा कि उनके सहयोग से इतना बड़ा आयोजन संभव हो सका है। बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री को शॉल और पैराग्लाइडिंग का लोगोयुक्त जैकेट भेंट की। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने बीड़ में 9 करोड़ से बनने वाले देश के पहले पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण संस्थान का शिलान्यास किया।