सुक्खू सरकार के तीन साल: जन संकल्प सम्मेलन के लिए 650 जवानों की तैनाती, पुलिस ने 6 सेक्टरों बांटा मंडी शहर
मंडी के पड्डल मैदान में आयोजित होने वाले जन संकल्प सम्मेलन के लिए मंडी पुलिस ने 650 जवानों की तैनाती कर दी है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार 11 दिसंबर को तीन साल का कार्यकाल पूरा करने जा रही है। इस उपलक्ष्य पर मंडी के पड्डल मैदान में आयोजित होने वाले जन संकल्प सम्मेलन के लिए मंडी पुलिस ने 650 जवानों की तैनाती कर दी है। इस सम्मेलन के लिए पुलिस विभाग ने शहर को छह सेक्टरों में बांटा हैं। इसके अलावा सभा स्थल पर हर गतिविधि पर नजर बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। यह जानकारी एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि शहर में गाड़ियों की पार्किंग के लिए विभिन्न स्थान चिन्हित किए गए हैं। ऐसे में पार्किंग सेक्टर को उसी आधार पर सब सेक्टरों में बांटा गया है। इस सम्मेलन में पुलिस अधिकारियों सहित 600 से अधिक जवान सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभालेंगे। साक्षी वर्मा ने बताया कि गेट के अंदर सभा स्थल में जनता को खाने-पीने का सामान, बैग और पर्स ले जाने की अनुमति रहेगी। लेकिन उच्च ज्वलनशील व नुकीले पदार्थों को सभा स्थल में लाने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। संदिग्ध सामान की पुलिस द्वारा चेकिंग भी की जाएगी।
मेधावियों को वाउचर देकर सम्मानित करेगी सरकार
कार्यक्रम में तीन शैक्षणिक सत्रों 2023, 2024 और 2025 के मेधावी विद्यार्थियों को एक साथ सम्मानित करेगी। यह पहली बार है, जब सरकार एक ही मंच से तीन वर्षों की मेरिट लिस्ट के करीब दस हजार टॉपर छात्रों को वाउचर वितरित करेगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू खुद हर जिले से चुने गए दो-दो मेधावी विद्यार्थियों को मंच पर बुलाकर सम्मानित करेंगे। इन विद्यार्थियों में दसवीं और बारहवीं कक्षा के वे विद्यार्थी शामिल हैं, जिन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मेरिट सूची में स्थान बनाया है। सम्मान समारोह को लेकर शिक्षा विभाग ने सभी जिलों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। चयनित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को मंडी में प्रस्तावित रैली में विशेष आमंत्रण के साथ बुलाया जा रहा है।
नरदेव सिंह बोले- चार हजार श्रमिकों को 15 करोड़ बांटेंगे सीएम, 19 महिलाओं को दिए जाएंगे एक-एक लाख
11 दिसंबर को प्रदेश सरकार के तीन वर्ष पूरा होने पर मंडी में होने जा रहे जन संकल्प सम्मेलन में प्रदेश के सीएम हिमाचल भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के तहत पंजीकृत चार हजार श्रमिकों को 15 करोड़ की राशि का वितरण करेंगे। यह जानकारी बोर्ड के चेयरमैन नरदेव सिंह कंवर ने मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने बताया कि मौजूदा सरकार में अभी तक श्रमिकों को 63 करोड़ से अधिक के लाभ दिए जा चुके हैं। बोर्ड की तरफ से 14 श्रमिकों के लिए 14 विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं जिनमें से आठ योजनाओं के तहत आवेदन करने वाले पात्र लाभार्थियों को कल यह धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में जमा की जाएगी।
प्रदेश की 19 एकल, विधवा एवं दिव्यांग महिलाओं को एक-एक लाख की धनराशि भी प्रदान की जाएगी। नरदेव सिंह कंवर ने बताया कि बोर्ड के माध्यम से श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभी तक इस पर 9 करोड़ 28 लाख से अधिक की धनराशि खर्च की जा चुकी है। लोगों को बोर्ड की योजनाओं की जानकारी मिले और वे अधिक से अधिक संख्या में इसका लाभ उठा सकें, इसके लिए प्रदेश भर में जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जा चुका है। अभी तक 11 जिलों की 41 विधानसभाओं में ऐसे शिविरों के माध्यम से बोर्ड की योजनाओं का प्रचार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सीएम सुक्खू की सोच है कि गांव के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचे, उसी दिशा में बोर्ड की तरफ से प्रयास किए जा रहे हैं।
कांग्रेस सरकार के जन संकल्प सम्मेलन के लिए हमीरपुर से जाएंगी 106 बसें
प्रदेश सरकार के कार्यकाल के तीन वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर मंडी में प्रस्तावित जन संकल्प सम्मेलन में हमीरपुर से भी विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी और अन्य लोग बड़ी संख्या में भाग लेंगे। इन लोगों को मंडी तक ले जाने और वापस लाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। उपायुक्त अमरजीत सिंह ने बुधवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिला के सभी एसडीएम और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करके आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा की। उपायुक्त ने बताया कि हमीरपुर से विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों और अन्य लोगों के लिए लगभग 106 बसों का प्रबंध किया गया है। इसके अलावा 100 से अधिक छोटे वाहनों से भी लोगों के मंडी जाने का अनुमान है। बैठक में एडीसी अभिषेक गर्ग, एसडीएम हमीरपुर संजीत सिंह, सहायक आयुक्त चिराग शर्मा, एचआरटीसी के डीएम राजकुमार पाठक, डीआरडीए की परियोजना अधिकारी अस्मिता ठाकुर और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
राकेश जम्वाल बोले- जनता का संकल्प पड़ेगा कांग्रेस सरकार के जन संकल्प पर भारी
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जम्वाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के तीन साल प्रदेश के शून्यकाल के रूप में गिने जाएंगे। कहा कि सरकार तीन साल में एक भी ठोस उपलब्धि खड़ी न कर सकी और अब मंडी में जश्न समारोह और विजन संकल्प के नाम पर नया तमाशा रचने जा रही है। उन्होंने कहा कि किरकिरी होने के बाद कांग्रेस सरकार अब सफाई दे रही है कि यह कोई जश्न नहीं, बल्कि विजन रैली है। इसके बाद जनसंकल्प रैली की घोषणा कर रही है, लेकिन कांग्रेस के इन ज्ञानी नेताओं को कोई बताए कि विजन और संकल्प शुरूआत में लिए जाते हैं, तीन साल की विफलता के बाद नहीं। राकेश ने कहा कि तीन वर्षों के दौरान सुक्खू सरकार की कार्यशैली सिर्फ शून्य रही। न नई योजनाएं शुरू हुईं, न रुकी हुई परियोजनाओं को गति मिली और न ही जनता को कोई राहत मिली। प्रदेश के हर वर्ग युवा, महिला, किसान, कर्मचारी सबने इस सरकार की नाकामी का बोझ झेला है। अब जब जनता का गुस्सा चरम पर है, कांग्रेस सरकार उसे बहलाने के लिए विजन और संकल्प की नौटंकी कर रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.