कोर्ट परिसर में पीटा हत्यारोपी, सीएम ने पीड़ित परिवार के लिए किया ये ऐलान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोलन के कोठो स्कूल के छठी कक्षा के छात्र नागेश की हत्या मामले में आक्रोश जारी है। बुधवार शाम आरोपी को कोर्ट में पेश करते समय परिसर में कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इस दौरान कुछ वकील भी मौजूद थे, लेकिन सोलन बार एसोसिएशन ने बैठक कर दावा किया है कि हमला करने वाले वकील नहीं, बाहर के लोग थे।
उधर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीरवार को पीडि़त परिवार को तीन लाख रुपये की मदद देने का एलान किया है। सीएम ने छात्र के पिता भगतराम से भी फोन पर बातचीत की है। मुख्यमंत्री ने छात्र के पिता को हरसंभव मदद का भरोसा और मामले की पूरी छानबीन कर न्याय दिलाने की बात कही है।
मंगलवार सुबह शामती से कोठो स्कूल जा रहे छठी कक्षा के छात्र नागेश की नेपाली युवक विपिन ने गला दबाकर हत्या कर दी थी। शव को जंगल में फेंककर पिता से फिरौती मांगी। पुलिस ने आरोपी को पांच घंटे में गिरफ्तार कर शव बरामद कर लिया। गुस्साए परिजनों और लोगों ने बीते दिन नेशनल हाईवे पर दो घंटे तक जाम लगाया। पुलिस ने आरोपी को देर शाम सोलन कोर्ट में पेश किया जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार शर्मा का कहना है कि आरोपी को करीब साढ़े छह बजे कोर्ट में पेश किया गया। उस समय कोर्ट में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध थे। वहां खड़े कुछ लोगों ने आरोपी पर हमला करने की कोशिश जरूर की थी, लेकिन पुलिस ने उसे बचाकर कोर्ट में पेश कर दिया। आरोपी को हमले से बचा लिया गया था, इसलिए इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
आरोपी से घटनास्थल की कराई शिनाख्त, स्कूल बैग बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर छठी कक्षा के छात्र नागेश का स्कूल बैग भी बरामद कर लिया है। पुलिस की टीम आरोपी को लेकर वीरवार को घटनास्थल तक गई थी। जहां उससे घटना के संबंध में छानबीन की और शिनाख्त कराई। उसकी बताई जगह से स्कूल बैग बरामद कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
केस लड़ने से इंकार नहीं कर सकते
छात्र की हत्या में शामिल नेपाल मूल के विपिन का केस न लड़ने पर वकीलों में कोई फैसला नहीं हो पाया है। वीरवार को जिला बार एसोसिएशन ने बैठक में चर्चा की। कई वकीलों ने तर्क दिया कि नागेश की हत्या जरूर हुई है, लेकिन यह जघन्य अपराध की श्रेणी में नहीं है।
पेशेवर होने के नाते वे इस केस को लड़ने से इंकार नहीं कर सकते हैं। एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज वर्मा ने बताया कि नागेश हत्याकांड के आरोपी विपिन का केस न लड़ने को लेकर अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है। कोर्ट परिसर में आरोपी की धुनाई करने वाले वकील नहीं थे।