बारिश ने मंडी में तोड़ा 33 साल का रिकॉर्ड, तीसरे दिन भी रोहतांग बर्फबारी से लकदक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में लगातार तीसरे दिन रविवार को भी रोहतांग समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और शिमला में बारिश का दौर जारी रहा। बारिश और अंधड़ के येलो अलर्ट के बीच प्रदेश के कई क्षेत्रों में रविवार को बादल बरसे। पहाड़ी क्षेत्रों के मौसम में ठंडक भी बढ़ गई है। लोग दोबारा से गर्म कपड़े पहनने को मजबूर हो गए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने सोमवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जताया है। छह मध्य पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा में कुछ जगह अंधड़ की चेतावनी भी जारी की गई है।
तीन दिनों से रोहतांग समेत कुल्लू और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों और धौलाधार की पहाड़ियों पर बर्फ के फाहे गिर रहे हैं। शनिवार रात से पहाड़ों में हो रही बर्फबारी रविवार को भी जारी रही। हालांकि, रविवार को दर्रा होकर वाहनों की आवाजाही सामान्य रूप से चलती रही। कुल्लू घाटी के निचले इलाकों के साथ लाहौल के कोकसर में भी बारिश से जनजीवन पर असर पड़ा है। खेतीबाड़ी का काम भी प्रभावित होने लगा।
मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल के मंडी जिला के सुंदनगर में 31 मई को रिकार्ड 90.7 एमएम बारिश हुई है। इससे पहले 25 मई 1987 को 90.1 एमएम बारिश हुई थी। 24 मई 1999 के बाद दूसरी बार राजधानी शिमला में एक दिन में 63 एमएम बारिश दर्ज की गई है। मार्च से अभी तक 2020 में 270.1 एमएम बारिश हुई जोकि सामान्य से 19 फीसदी अधिक है। यह 2004 से दूसरे नंबर पर सर्वाधिक है।
मौसम खराब होने से ग्रांफू-काजा सड़क से बर्फ हटाने का काम भी प्रभावित हो रहा है। रविवार को मकरवे, शिकरवे, सेवन सिस्टर पीक, मनाली पीक, लदाखी पीक, हनुमान टिब्बा, देउ टिब्बा, मांगन कोट में ताजा हिमपात हुआ। मनाली-लेह मार्ग पर चुंबक नाला में चट्टान गिरने के कारण मार्ग करीब एक घंटा वाहनों की आवाजाही के लिए अवरुद्ध रहा। पर्यटन नगरी डलहौजी में रविवार को बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। शिमला शहर में रविवार सुबह से ही बादल छाए रहे। दोपहर करीब डेढ़ बजे से शहर में बारिश का शुरू हुआ दौर देर शाम तक जारी रहा। शिमला में शाम पांच बजे तक 16, धर्मशाला में 14.8, भुंतर में 5, मनाली में 17, डलहौजी में 17, चंबा में 2, कांगड़ा में 6 और जुब्बड़ हट्टी में 13.9 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड हुई।
बदले मौसम में 43 से घटकर 27 डिग्री पहुंचा ऊना का पारा
शिमला। प्रदेश में बीते दिनों से बदले मौसम के मिजाज से अधिकतम तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज हुई है। 43 डिग्री से ऊना का अधिकतम तापमान रविवार को घटकर 27 डिग्री तक पहुंच गया है। रविवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में पांच से छह डिग्री की कमी दर्ज हुई। नाहन में अधिकतम तापमान 27.2, सुंदरनगर में 25.5, बिलासपुर में 24.0, हमीरपुर में 23.8, सोलन में 23.5, धर्मशाला में 23.2, कांगड़ा में 22.1, चंबा में 20.5, शिमला में 17.4, कल्पा में 13.6, डलहौजी में 12.3 और केलांग में 13.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ।