हिमाचल में हिमपात से यातायात ठप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश में बार-बार बदलते मौसम के मिजाज ने सबको हैरत में डाल दिया है। अप्रैल महीने में भी प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हो रही है।
शुक्रवार रात को किन्नौर और रोहतांग सहित कई पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात हुआ। किन्नौर में करीब 60 सेंटीमीटर, रोहतांग में 30 सेंटीमीटर से ज्यादा बर्फबारी रिकॉर्ड की गई।
कुल्लू-मनाली की चोटियां भी बर्फ से ढक गई हैं। जनजातीय क्षेत्र भरमौर व पांगी की पहाड़ियों और लाहौल घाटी के रिहायशी इलाकों में भी हल्का हिमपात हुआ।
कई सड़कमार्ग हो गए बंद
बारिश के कारण चंबा में दो मुख्य मार्गों सहित करीब आधा दर्जन संपर्क मार्ग बंद हैं और कई बसें फंसी हैं। किन्नौर में भी बर्फबारी से राष्ट्रीय राजमार्ग पांच 6 घंटे बंद रहा।
शिमला सहित कई इलाकों में भारी ओलावृष्टि हुई। इससे सेब की फ्लावरिंग और गेहूं को भी नुकसान पहुंचा है। मैदानी इलाकों में शुक्रवार रात को गरज और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई।
धर्मशाला, डलहौजी, चंबा और कांगड़ा में क्रमश: 61.2, 74.0, 51.0 और 48.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। शिमला में 19.2, सुंदरनगर 28.8, भरमौर 19.1, कल्पा 4.0, ऊना 8.8, नाहन 12.5, केलांग 1.0, पालमपुर 45.6, सोलन 19.4, मनाली 37.0, बिलासपुर 17.0, हमीरपुर 18.0 और मंडी में 12.1 एमएम बारिश हुई।
तापमान में आई गिरावट
बारिश से तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। कल्पा का तापमान माइनस में तो मनाली का न्यूनतम तापमान जीरो तक पहुंच चुका है।
रविवार से प्रदेश भर में मौसम के सामान्य रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के शिमला केंद्र के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि 20 से 25 अप्रैल तक मौसम साफ रहेगा।
इस दौरान धूप खिली रहेगी और मौसम खुश्क रहेगा।