बर्फबारी के बाद रोहतांग में जाम, सौ यात्री फंसे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बारिश और हल्की बर्फबारी के बीच रोहतांग दर्रा एक बार फिर बंद हो गया है। बर्फबारी के चलते यहां पर निगम की दो बसों समेत सौ यात्री भी फंस गए हैं।
सड़क के दोनों तरफ बर्फ की ऊंची दीवारें खड़ी होने से वाहनों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को कुल्लू से केलांग की तरफ रवाना हुई एचआरटीसी की एक बस सड़क धंस जाने से वहीं फंस गई है। इससे रोहतांग में दोपहर दो बजे के बाद से जाम लग गया।
उधर, केलांग डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक गोपाल शर्मा ने बताया कि रविवार सुबह कुल्लू से केलांग के लिए रवाना हुई दोनों बसें कई घंटों से रोहतांग में फंसे होने की उन्हें सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि बीआरओ की मदद से फंसी बस को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस समेत बाकी गाड़ियां भी फंसी
एचआरटीसी की दो और बसें तथा पुलिस की एक बस समेत दर्जनों छोटे वाहन फंस गए हैं। इसके अलावा रोहतांग में बारिश के साथ हल्की बर्फबारी का दौर भी शुरू हो गया है जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
एचआरटीसी की बस से सफर कर रहे रोहतांग दर्रा पर फंसे यात्री सोहन, रमेश और अशोक ने बताया कि सड़क के दोनों किनारों पर बर्फ की ऊंची दीवारें खड़ी होने से वाहनों की आवाजाही मुश्किल हो रही है।
वहीं, उनकी बस फंस जाने से करीब तीन घंटे से वे लोग रोहतांग में फंसे हैं। उन्होंने बताया कि बसों के अलावा कई छोटे वाहनों के अतिरिक्त सौ के करीब यात्री रोहतांग में जाम खुलने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि दर्रे पर अभी सड़क बसों की सुचारु आवाजाही के लिए दुरुस्त नहीं है।