सिरमौर: नालागढ़ के बाद अब शिलाई भाजपा में बवाल, 18 पदाधिकारियों ने दिए इस्तीफे
कफोटा क्षेत्र की एक दर्जन पंचायतों में विकास खंड कार्यालय कफोटा में नहीं मिलने की नाराजगी है तो टिंबी जोन में उपतहसील नहीं मिलने का मलाल था। लगभग 18 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के एक साथ हुए इस्तीफे से भाजपा में खलबली मच गई है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ के भाजपा मंडल पदाधिकारियों के मुख्यमंत्री के ओएसडी शिशु धर्मा के खिलाफ मोर्चा खोलने के बाद अब कफोटा क्षेत्र की एक दर्जन पंचायतों से संबंधित भाजपा के 18 कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने पूर्व विधायक बलदेव तोमर समेत कई अन्य स्थानीय नेताओं की अनदेखी से नाराज होकर इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि कफोटा क्षेत्र की एक दर्जन पंचायतों में विकास खंड कार्यालय कफोटा में नहीं मिलने की नाराजगी है तो टिंबी जोन में उपतहसील नहीं मिलने का मलाल था। लगभग 18 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के एक साथ हुए इस्तीफे से भाजपा में खलबली मच गई है। शिलाई मंडल अध्यक्ष को भेजे इस्तीफे की प्रतियां राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप और जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता को भी नामित की गई हैं।
इस्तीफा देने वालों में मुख्य रूप से राजेंद्र सिंह पूर्व वाइस चेयरमैन शिलाई और प्रदेश सदस्य भाजपा, धनवीर सिंह उपाध्यक्ष शिलाई मंडल, राजेंद्र चौहान सदस्य 20 सूत्रीय कार्यक्रम सिरमौर, बलवीर सिंह चौहान पूर्व वाइस चेयरमैन बीडीसी शिलाई, प्रदीप कुमार भाजपा युवा मोर्चा, चतर सिंह बूथ अध्यक्ष बमराड़, दलीप सिंह बमराड़ और कुलदीप शर्मा मीडिया प्रभारी शिलाई भाजपा समेत 18 लोग शामिल हैं। टिंबी जोन की तीन पंचायतों की बैठक में निर्णय लिया गया कि क्षेत्र की विकास के मामले में अनदेखी हो रही है जिससे पदाधिकारी आहत हैं। इसलिए वह अपने पदों से इस्तीफा दे रहे हैं। हालांकि वह पार्टी में बने रहेंगे। शिलाई भाजपा मंडल अध्यक्ष सूरत सिंह चौहान ने बताया कि उनके पास पार्टी के चार लोगों के इस्तीफे पहुंचे हैं जिसमें एक प्रदेश कार्य समिति के सदस्य और तीन शिलाई मंडल के पदाधिकारी हैं। इन्हें आलाकमान को भेजा जाएगा। इधर, जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता ने कहा कि पार्टी का यह मसला मिल बैठकर सुलझा लिया जाएगा।