पानी की सप्लाई जांचने गए आईपीएच विभाग के कर्मी को कुत्ते से कटवाया, पढ़ें पूरा मामला
हिमाचल के हमीरपुर में पुलिस थाना सदर के तहत सासन गांव में पानी सप्लाई जांचने गए आईपीएच विभाग के बेलदार को गांव के ही एक आदमी ने अपने पालतू कुत्ते से कटवा दिया।
इससे पहले उक्त आदमी ने कर्मचारी का रास्ता रोककर उससे मारपीट भी की। पीड़ित ने पुलिस थाना सदर में इस मामले की शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं, पुलिस ने मामला दर्जकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़ित विधि चंद पुत्र फलातू राम निवासी गांव और डाकघर अमरोह तहसील व जिला हमीरपुर आईपीएच विभाग सब डिवीजन हमीरपुर में बेलदार के पद पर तैनात है।
बीते रविवार सुबह जब वह सासन गांव में पानी जांचने के लिए गया था तो वहां पर उसे उसी गांव का विजय कुमार मिला और कहने लगा कि तू यहां पर क्या कर रहा है। फिर उसने विधि चंद का रास्ता रोककर धक्का दिया और गाली-गलौज की।
जब पीड़ित ने गालियां देने का कारण पूछा तो विजय कुमार ने अपने कुत्ते को छोड़कर उसे कटवा दिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्जकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।