प्रशिक्षु पुलिस अधिकारियों का मेंटर बन मार्गदर्शन करेंगे वरिष्ठ अधिकारी
हिमाचल पुलिस के अधिकारियों की कार्यक्षमता को और बढ़ाने के लिए पुलिस ने नई पहल की है। सूबे में आने वाले सभी आईपीएस और एचपीएस अधिकारियों के साथ अब एक एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अटैच किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों का यह अटैचमेंट मेंटरशिप प्रोग्राम के तहत किया जाएगा। इसके तहत हर मेंटर अपने साथ अटैच प्रशिक्षु अधिकारी के पेशेवर विकास से लेकर मीडिया मैनेजमेंट, सामाजिक विकास और व्यक्तित्व विकास में सहयोग करेगा।
किसी केस में दिक्कत होने की दशा में भी प्रशिक्षु अपने मेंटर से मदद या सलाह ले सकेंगे। वैसे तो यह प्रोग्राम प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक संजय कुमार के कार्यकाल के दौरान एडीजी कानून व्यवस्था रहे वर्तमान प्रमुख सचिव विजिलेंस संजय कुंडू ने तैयार किया था।
लेकिन इसके बाद दोनों अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर चले गए और प्रोग्राम कागजों में ही रह गया। हाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई डीजीपी कांफ्रेंस के दौरान भी वरिष्ठ अधिकारियों को प्रशिक्षुओं के साथ रोजाना कुछ घंटे साथ में काम करने की बात उठी थी।
इसके बाद अब हिमाचल पुलिस ने तब के बने प्रोग्राम को लांच कर दिया है। डीजीपी सीताराम मरडी ने बताया कि इस प्रोग्राम के जरिये न सिर्फ पुलिस अधिकारियों में प्रोफेशनल कुशलता बढ़ेगी, बल्कि अफसरों में आपस में तालमेल अच्छा होगा।
एसपी से एडीजी स्तर के अधिकारी बने मेंटर
मुख्यालय ने मेंटरशिप प्रोग्राम में इस साल पांच प्रशिक्षु आईपीएस व 11 एचपीएस प्रशिक्षु अधिकारियों के साथ एसपी से लेकर एडीजी स्तर के अधिकारियों को बतौर मेंटर अटैच भी कर दिया है। इनमें एडीजी विजिलेंस अनुराग गर्ग को आकृति, एडीजी सीआईडी अशोक तिवारी को अभिषेक यादव, आईजी साइबर क्राइम आनंद प्रताप सिंह को आदर्श राजींद्रन, आईजी विजिलेंस जेपी सिंह को हेमलता, आईजी सीआईडी दिलजीत ठज्ञकुर को मानव वर्मा का मेंटर बनाया गया है।
डीआईजी टीटीआर पुनीता भारद्वाज, डीआईजी शिमला रेंज आसिफ जलाल, एसपी बिलासपुर अशोक कुमार, एसपी सोलन मधु सुदन, एसपी बद्दी रानी बिंदू, कमांडेंट 6 आईआरबीएन अजय कृष्ण शर्मा, एसपी विजिलेंस मंडी डीके चौधरी, कमांडेंट 2 आईआरबीएन अनुपम शर्मा, एसपी सिरमौर रोहित मालपानी, एसपी कुल्लू शालिनी अग्निहोत्री और एसपी चंबा मोनिका भुटुंगुरु को भी मेंटर बनाया गया है।