कुंडू को क्वालिटी कंट्रोल स्कवायड की कमान, गड़बड़ी की तो नपेंगे अफसर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी संजय कुंडू को सीएम कार्यालय के गुणवत्ता नियंत्रण दस्ता (क्वालिटी कंट्रोल स्कवायड) की कमान दी गई है। वर्तमान में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के अतिरिक्त प्रधान सचिव संजय कुंडू को पीडब्ल्यूडी, आईपीएच समेत तमाम महकमों में काम की गुणवत्ता की परख की जिम्मेदारी दी गई है।
गड़बड़ी करने वाले अधिकारियों पर यह दस्ता शिकंजा कसेगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह बात वीरवार को राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों की एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।
राज्य में लोक निर्माण विभाग, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य, विद्युत, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, पर्यटन विभाग, शहरी विकास जैसे लाइन विभागों में कामकाज की निगरानी के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय में एक गुणवत्ता जांच दस्ता स्थापित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री कार्यालय की रहेगी सीधी निगरानी
जयराम ठाकुर ने कहा कि दस्ता एक स्वतंत्र तृतीय पार्टी होगा, जिसे राज्य सरकार की ओर से निजी परामर्शदाताओं के माध्यम से रखा जाएगा। इसे जल्द ही अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव संजय कुंडू इस दस्ते के प्रमुख होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का यह निर्णय उनकी ओर से बजट भाषण 2018-19 में किए गए आश्वासनों के अनुरूप है।
यह दस्ता राज्य में कार्यान्वित की जा रही विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करेगा और विभिन्न कार्यों की खराब गुणवत्ता की शिकायतों को कम करने में भी मदद करेगा।
इस मौके पर मुख्य सचिव विनीत चौधरी, अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. श्रीकांत बाल्दी, अतिरिक्त मुख्य सचिव मनीषा नंदा, अनिल कुमार खाची, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव संजय कुंडू, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता आरपी वर्मा आदि उपस्थित रहे।