पिता का साया उठा तो बेटी ने ठाना कुछ ऐसा, बना डाला नेशनल रिकॉर्ड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के जिला चंबा की सीमा ऐसी भागी कि हैदराबाद में हुई नेशनल यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नेशनल रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। सीमा ने 3000 मीटर की दौड़ में नया नेशनल रिकॉर्ड बनाते हुए नौ मिनट 56 सेकेंड 25 एस में दौड़ पूरी की है। अब सीमा बैंकॉक में होने वाली एशियन यूथ एथलेटिक्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।
सीमा एशियन यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप अंडर-18 में हिमाचल प्रदेश की ओर से पहली धाविका के रूप में भाग लेगी। साई हॉस्टल धर्मशाला की खिलाड़ी सीमा चंबा के रेटा गांव की रहने वाली है। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के बावजूद छठी कक्षा में खेलना शुरू किया था। सिर से पिता का साया उठने के बाद भी सीमा के हौसलों में कमी नहीं आई और उसने अपनी प्रेक्टिस जारी रखी।
मात्र दो साल में 9 मेडल जीते
स्कूल के छोटे से मैदान में प्रेक्टिस कर 2015 में साई स्पोर्ट्स हॉस्टल धर्मशाला में एंट्री ली। वर्तमान में वह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्रा) धर्मशाला में जमा दो की छात्रा है। सीमा ने मात्र दो साल में ही नौ मेडल जीत लिए हैं।
सीमा ने जूनियर नेशनल रांची में 2000 मीटर में गोल्ड, नेशनल पाईका आंध्रप्रदेश में 3000 मीटर में गोल्ड, 1500 मीटर में कांस्य, स्कूल नेशनल चैंपियनशिप में 2000 मीटर में कांस्य सहित स्कूल नेशनल केरल में सिल्वर मेडल जीतकर चार गोल्ड सहित कुल नौ मेडल अपने नाम किए।
साई हॉस्टल धर्मशाला की प्रभारी निर्मल कौर ने सीमा को इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किया। सीमा के कोच केएस पटियाल ने बताया कि वह बेहतरीन धाविका है और आगामी समय में भी बेहतर प्रदर्शन करेगी।