फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Shimla News ›   Road accident in Kangra: Bike plunges into gorge late at night; three youths from Jhunena village killed.

कांगड़ा में सड़क हादसा: देर रात धार्मिक समारोह से लाैट रहे युवकों की बाइक खाई में गिरी, तीन की माैत

Sat, 05 Sep 2026 12:16 PM IST
Krishan Singh संवाद न्यूज एजेंसी, शाहपुर(कांगड़ा)।
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहपुर(कांगड़ा)। Published by: Krishan Singh Updated Sat, 05 Sep 2026 12:16 PM IST
सार

कांगड़ा जिले के विधानसभा क्षेत्र शाहपुर के अंतर्गत दरीणी पंचायत के झुनेना गांव के तीन युवकों की भलेड़ पावर हाउस के समीप बाइक के खाई में गिरने से मौत हो गई। 

विज्ञापन
Road accident in Kangra: Bike plunges into gorge late at night; three youths from Jhunena village killed.
सड़क हादसा। - फोटो : संवाद

विस्तार

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के विधानसभा क्षेत्र शाहपुर के अंतर्गत दरीणी पंचायत के झुनेना गांव के तीन युवकों की भलेड़ पावर हाउस के समीप बाइक के खाई में गिरने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान अशोक कुमार (38) पुत्र जोगिंद्र पाल, प्रिंस (38) पुत्र पूरन चंद और पवन कुमार (30) पुत्र केवल कुमार निवासी सल्लि चनैला वार्ड-4, तहसील दरिणी के रूप में हुई है। हादसे की जानकारी शनिवार सुबह मिली जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। 

विज्ञापन

हादसे की सूचना मिलने के बाद उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया सिविल अस्पताल शाहपुर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढाढ़स बंधाया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

विज्ञापन

 पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह भलेड़ निवासी हाकम चंद अपनी जीप से काकड़ा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने पुल के दूसरी ओर खड्ड में दो लोगों और एक बाइक को गिरा हुआ देखा। उन्होंने वाहन सड़क किनारे खड़ा कर स्थानीय निवासी छोटू राम को बुलाया। दोनों नीचे पहुंचे तो झाड़ियों और पत्थरों के बीच तीन युवक और काले रंग की बाइक गिरी मिली।  सूचना मिलने पर दरीणी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को सड़क तक पहुंचाया गया। अशोक कुमार को 108 एंबुलेंस से, जबकि पवन और प्रिंस को स्थानीय वाहनों से शाहपुर अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अशोक कुमार अपने पीछे बेटा, बेटी, माता-पिता, भाई और दो बहनें छोड़ गए हैं। वहीं, पवन माता-पिता और भाई को छोड़ गए हैं। हादसे में जान गंवाने वाला प्रिंस घर का इकलौता बेटा था और हाल ही में जमा दो की परीक्षा पास की थी। प्रिंस अपने पीछे माता-पिता और एक बहन छोड़ गया है। सभी परिवार मेहनत-मजदूरी करते हैं।  दरीणी पंचायत प्रधान गगन सिंह ने बताया कि तीनों शुक्रवार रात को धार्मिक सम्मेलन में भाग लेने जा रहे थे लेकिन दूली काकड़ा में भूस्खलन होने के कारण वह वापस घर की ओर आ रहे थे। देर रात हुए इस हादसे का किसी को पता नहीं चल पाया। उधर, एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि लापरवाही से वाहन चलाने और हादसा होने की धाराओं में मामला दर्ज किया है। हादसे के कारणों और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

विज्ञापन

भाटी के समीप खाई में मिला वेटरनरी फार्मासिस्ट का शव, बाइक भी बरामद
 नगर परिषद जवाली के तहत लब गांव निवासी और सिद्धपुरघाड़ में तैनात वेटरनरी फार्मासिस्ट विशाल कुमार का शव शनिवार सुबह भाटी गांव के समीप खाई में मिला। शव के पास ही उनकी मोटरसाइकिल भी पड़ी मिली। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जवाली पुलिस थाना की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आगामी कार्रवाई शुरू की।  परिजनों के अनुसार विशाल कुमार शुक्रवार को बीमार पशु के उपचार के लिए घर से बाइक पर निकले थे। देर शाम तक वापस न लौटने पर उनकी तलाश शुरू की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने खाई में शव और बाइक देखकर पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी मंजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर भेजा। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो व छह वर्ष की दो मासूम बेटियां छोड़ गए हैं। करीब एक माह पहले ही विशाल की बहन का भी आकस्मिक निधन हुआ था। बहन के गम से परिवार अभी उबर भी नहीं पाया था कि इस हादसे ने परिजनों को पूरी तरह तोड़ दिया। डीएसपी जवाली तेजेंद्र वर्मा ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।

ठेहड़ के खेत में संदिग्ध हालात में मिला लापता व्यक्ति का शव
 स्थानीय पुलिस थाना के अंतर्गत ठेहड़ (ढुगियारी) में शनिवार सुबह खेत में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुरेश कुमार (57) पुत्र मेहर सिंह निवासी तियारा के रूप में हुई है, जो शुक्रवार शाम से लापता चल रहा था। सुरेश वर्तमान में ढुगियारी में रहता था और ट्रकों में सामान लोडिंग-अनलोडिंग का काम करता था। पुलिस के अनुसार सुरेश कुमार के घर न लौटने पर परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे। शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे उसका शव ठेहड़ के खेत में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को सुपुर्दगी में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू की। टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। डीएसपी कांगड़ा राजेश कुमार ने बताया कि मौत के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed