उपचुनाव तक थम सकती है कांगड़ा में विरोध की ज्वाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पालमपुर में स्वास्थ्य मंत्री के हस्तक्षेप और अनदेखी की शिकायत पर प्रदेश नेतृत्व की ओर से कार्रवाई न होने के चलते महिला मोर्चा अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने वाली इंदु गोस्वामी पिछले 6 दिनों से दिल्ली में डटी हैं। सूत्रों की मानें तो इंदु गोस्वामी ने हाईकमान के समक्ष तथ्यों के साथ अपनी अनदेखी का पक्ष रखा है। इंदु गोस्वामी प्रदेश संगठन नेतृत्व पर कार्रवाई की मांग कर रही हैं। उनकी अभी दो दिन तक और दिल्ली में ही रहने की योजना है।
उधर, इंदु गोस्वामी के हाईकमान के पास पहुंचने के बाद विरोधी गुट ने भी दिल्ली कूच कर दिया। पालमपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष संजीव सोनी ने दिल्ली जाकर केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर से मुलाकात की है। दूसरे गुट के अनुराग ठाकुर से मिलने के चलते शांता के हलके पालमपुर में सियासी हलचल तेज हो गई है। सूत्रों की मानें तो इंदु गोस्वामी के हाईकमान के पास पहुंचते ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भड़की ज्वाला को शांत करने के लिए खुद पहल की है।
मुख्यमंत्री ने फोन पर इंदु गोस्वामी को आश्वासन दिया है कि वह खुद मसला सुलझा लेंगे। सीएम ने इंदु को फिलहाल कोई भी बयान मीडिया में जारी न करने के लिए कहा है। माना जा रहा है कि सीएम नहीं चाहते कि कांगड़ा में मचे हंगामे का असर धर्मशाला और पच्छाद विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव पर पड़े।
इसलिए माना जा रहा है कि इंदु गोस्वामी उपचुनाव तक खुले रूप से संगठन से दो-दो हाथ करने से परहेज कर सकती हैं। पहले इंदु की धर्मशाला आकर मीडिया के समक्ष अपना दर्द बयां करने की योजना थी, जिसे उन्होंने सीएम का आश्वासन मिलने के बाद फिलहाल के लिए टाल दिया है।
अमर उजाला से इंदु गोस्वामी ने कहा कि वह अभी दिल्ली में हैं। अपनी बात वह संगठन नेतृत्व के समक्ष ही रखेंगी। उन्होंने माना कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भी उनकी बात हुई है। उधर, भाजपा संगठन मंत्री पवन राणा के खिलाफ खुलेआम मोर्चा खोलने वाले विधायक रमेश धवाला भी सीएम की डेडलाइन के इंतजार में शांत बैठे हुए हैं।