थर्मोकोल पर प्रतिबंध के बाद उद्योग को राहत देने की तैयारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश में स्थित थर्मोकोल के उत्पाद बनाने वाले उद्योगों को सरकार बड़ी राहत देने वाली है। प्रदेश में थर्मोकोल उत्पाद की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने के बाद अब सरकार उन उद्योगों को प्रदेश से बाहर थर्मोकोल उत्पाद बेचने की मंजूरी दे सकती है। सरकार यह कवायद उन उद्योगों के बंद होने की स्थिति में वहां काम करने वाले स्थानीय लोगों के बेरोजगार होने के खतरे को देखते हुए ले सकती है।
फिलहाल, विभाग इस संबंध में एक प्रस्ताव तैयार कर रहा है, जिसे मंत्रिमंडल बैठक में मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। पिछले महीने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के एलान के बाद मंत्रिमंडल ने प्र्रदेश में थर्मोकोल के कप-प्लेट के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया था। वर्तमान स्टाक को क्लीयर करने के लिए दुकानदारों, थोक विक्रेताओं व उद्योगों को तीन महीने का समय दिया गया था।
अधिसूचना के अनुसार सितंबर महीने से प्रतिबंध सख्ती से लागू होना था। चूंकि, थर्मोकोल के उत्पाद बनाने के लिए कई उद्योग हिमाचल में स्थापित हैं। इन पर बंद होने का खतरा पैदा हो गया है। ऐसे में उन उद्योगों ने सरकार से मांग की थी कि वह उन्हें उत्पाद बनाकर प्रदेश से बाहर बेचने की मंजूरी दे।
दलील दी थी कि अगर उद्योग बंद होते हैं तो इनमें काम करने वाले सैकड़ों स्थानीय युवा बेरोजगार हो जाएंगे। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग को यह दलील सही लगी, जिसके बाद अब विभाग प्रस्ताव बनाने में जुटा है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि अगर मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी तो प्रदेश में प्रतिबंध के बावजूद थर्मोकोल उद्योग उत्पाद बनाकर उसे पड़ोसी राज्यों में सप्लाई कर सकेंगे।