हिमाचल में TGT के 941 पदों पर भर्ती, करें तैयारी
हिमाचल प्रदेश में जल्द ही 941 टीजीटी भर्ती होंगे। मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने पद भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 50 फीसदी टीजीटी बैचवाइज नियुक्त किए जाएंगे। 50 फीसदी पद सीधी भर्ती से भरे जाएंगे।
536 टीजीटी आर्ट्स, 348 टीजीटी नॉन मेडिकल और 57 टीजीटी मेडिकल के पद भरे जाएंगे। सीधी भर्ती हिमाचल प्रदेश अधीनस्थ चयन सेवा बोर्ड हमीरपुर द्वारा ली जाने वाली लिखित परीक्षा से की जाएगी। बैचवाइज भर्ती जिला उपनिदेशक करेंगे।
प्रारंभिक शिक्षा के अतिरिक्त निदेशक आशीष कोहली ने इसकी पुष्टि की है। मंत्रिमंडल ने टीजीटी के 817 पद भरने को मंजूरी दी है। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने स्कूलों की जगह ब्लॉकों में नियुक्त शिक्षकों के कारण खाली 124 पदों को भी साथ में भरने का फैसला लिया है।
एचपीएसएसएसबी के जरिए भरे जाएंगे पद
ऐसे में अब कुल 941 पद भरे जाएंगे। हिमाचल प्रदेश अधीनस्थ चयन सेवा बोर्ड हमीरपुर को जल्द ही शिक्षा निदेशालय 471 पद भरने के लिए आवेदन करेगा। बोर्ड द्वारा ही परीक्षा का आयोजन कर चयन किया जाएगा।
शिक्षा निदेशालय स्तर पर भर्ती प्रक्रिया को लेकर आवेदन करने की तैयारी पूरी हो गई है। इसके अलावा 470 टीजीटी के पद बैचवाइज भर्ती से भरे जाएंगे। जिला उपनिदेशक इन पदों के लिए भर्ती करेंगे।
इनमें न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता को आधार बनाकर भर्ती की जाएगी। मेडिकल, नॉन मेडिकल के लिए बीएससी, बीएड और आर्ट्स के लिए बीए, बीएड की डिग्री पहले करने वालों को वरीयता दी जाएगी।