सरकारी नौकरी का मौका, बैंक और एचआरटीसी में भर्तियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचली युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही बैंक में नौकरी का पिटारा खुलने वाला है। प्रदेश राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक समिति इस वित्त वर्ष में प्रदेशभर में 18 नई शाखाएं खोलेगा। स्टॉफ की किल्लत को खत्म करने के लिए विभिन्न पदों पर करीब 250 कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। इसके लिए जल्द ही आवेदन प्रक्रिया शुरू होने वाली है।
यह जानकारी वीरवार को प्रेसवार्ता के दौरान हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन शिवलाल शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि इन भर्तियों के बारे में जल्द सूचना जारी होगी। नए वित्त वर्ष में लोगों को लाभान्वित करने के लिए बैंक कई अहम योजनाएं लागू करने जा रहा है। बैंक कृषकों, बागवानों और अन्य लोगों को आकर्षक दरों पर ऋण उपलब्ध करवाएगा।
बैंक के बायलॉज में आवश्यक फेरबदल किया गया है। बैंक के चेयरमैन शिवलाल शर्मा ने बताया कि वित्त वर्ष 2014-15 के दौरान बैंक ने 9.58 करोड़ रुपये मुनाफा कमाया है। इसके अतिरिक्त नाबार्ड से बैंक को 60.27 करोड़ रुपये की राशि भी प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में सोसायटी के लगभग 78 हजार सदस्य हैं, इस वित्त वर्ष में सोसाइटी के सदस्यों की संख्या एक लाख से अधिक करने का भी लक्ष्य रखा गया है।
एचआरटीसी में आठ पदों पर भर्ती
वहीं, हिमाचल पथ परिवहन निगम रामपुर में पीस मील वर्कर के 8 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इनमें इलेक्ट्रीशियन, टर्नर, टायरमैन, ब्लैक स्मिथ के कुल 8 पदों को भरा जाना है। यह जानकारी आरएम गुरबचन सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रीशियन के दो पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता संबंधित व्यवसाय में आईटीआई का डिप्लोमा होना जरूरी है।
वहीं, टर्नर पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता संबंधित व्यवसाय में आईटीआई का डिप्लोमा, टायरमैन के दो पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता मोटर मैकेनिक व्यवसाय में आईटीआई का डिप्लोमा और ब्लैक स्मिथ के दो पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता वेल्डर में आईटीआई का डिप्लोमा होना जरूरी है। आवेदन पत्र हिमाचल पथ परिवहन निगम की वेबसाइट से डाउन लोड किए जा सकते हैं।
यह हिमाचल पथ परिवहन निगम रामपुर के क्षेत्रीय कार्यालय से भी प्राप्त किए जा सकते हैं। आवेदन क्षेत्रीय कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस में प्रात: 10 बजे से सायं 5 बजे तक 14 अक्तूबर तक 100 रुपये प्रति आवेदन फॉर्म के साथ जमा करवाएं जा सकते हैं। सक्षम उम्मीदवारों की परीक्षा और साक्षात्कार 16, 17, 19 और 20 अक्तूबर से क्रमवार हिमाचल पथ परिवहन निगम रामपुर के क्षेत्रीय कार्यालय में लिया जाएगा।