असमंजस में सरकार, जेबीटी के 700 पदों पर कैसे करें नियुक्तियां
शिक्षा विभाग में जेबीटी के 700 पदों पर भर्ती का मामला सचिवालय में फंस गया है। नियुक्तियां कैसे होंगी, इसको लेकर हिमाचल सरकार असमंजस में है। पहले टेट की की मेरिट के आधार पर जिलों में शिक्षकों की भर्ती होती थी। अब शिक्षा विभाग ने 50 प्रतिशत बैच और 50 प्रतिशत टेट की मेरिट के आधार पर पद भरने का प्रस्ताव भेजा है।
फिलहाल, सरकार इस पर फैसला नहीं ले पा रही है। उधर, चुनावी साल में हिमाचल सरकार शिक्षा विभाग में 3700 से ज्यादा पद भरने जा रही है। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने विभिन्न श्रेणियों के शिक्षकों के पद भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जेबीटी, सीएंडवी, एलटी, शास्त्री, पीईटी और ड्राइंग टीचर के पद भरे जाने हैं।
इतने पदों पर होनी है भर्ती
बैचवाइज और आयोग के माध्यम से स्कूलों में शिक्षकों की नई भर्तियां की जाएंगी। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय के मुताबिक 500 पद भाषा शिक्षक, 500 पद शास्त्री, 250 पद पीईटी, 250 पद ड्राइंग टीचर, 1500 पद सीएंडवी शिक्षक और 700 पद जेबीटी के भरे जाएंगे। सीएंडवी और जेबीटी पद जिलावार भरे जाएंगे।
जिलों में इन शिक्षकों के रिक्त पदों के हिसाब से पदों की अलॉटमेंट की जाएगी। शेष पद राज्य स्तर पर भरे जाएंगे। 3700 शिक्षकों के पद भरे जाने से शिक्षा विभाग में रिक्त चल रहे पदों की समस्या दूर होगी। स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने में भी सहयोग मिलेगा, लेकिन जेबीटी शिक्षकों के पद भरे जाने का मामला लटक गया है। सचिवालय से निर्देश आने के बाद ही इस बाबत आगामी फैसला होगा।