जमकर बरसेंगे बादल, अगले एक हफ्ते तक जारी रहेगी बारिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में 15 जून तक लगातार बारिश होने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के सभी क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है। 15 जून के बाद प्रदेश में प्री मानसून की संभावना भी है।
बुधवार रात और वीरवार सुबह राजधानी शिमला सहित कई क्षेत्रों में जमकर बारिश हुई है। शिमला में वीरवार दोपहर बाद मौसम साफ हुआ। वीरवार को कांगड़ा में सबसे अधिक 36.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
इसके अलावा शिमला में 22.8, सुंदरनगर में 31.4, भुंतर में 33.7, धर्मशाला में 31.8, ऊना में 32.8, नाहन में 32.3, सोलन में 24.5, कल्पा में 24, मंडी में 32.2, हमीरपुर में 35.6, बिलासपुर में 35, मनाली में 24.6, चंबा में 34, डलहौजी 22.3 और केलांग में 25.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है।
कई इलाकों में तूफान से तबाही, फसलें बर्बाद
ऊना में बागवानों को तूफान और बारिश ने जोरदार झटका दिया है। देर रात आए तूफान और बारिश ने आम की लगभग 40 लाख रुपये की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। इससे बागवानों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
वहीं, चंबा के भरमौर उपमंडल में बुधवार शाम को हुई भारी बारिश की वजह से कई जगह लोगों की फसल बर्बाद हो गई है। बारिश के चलते चंबा-भरमौर मार्ग पर भी आवाजाही प्रभावित रही। सबसे ज्यादा नुकसान गुवाड़ी व औराफाटी में हुआ है।
यहां भारी बारिश की वजह से लोगों के खेत बह गए हैं। किसानों ने राजमाह, आलू और मक्की की फसल उगाई थी जो तबाह हो गई है। पंचायत प्रधान इंदू बाला ने बताया कि बारिश की वजह से कई किसानों की जमीन तबाह हुई है।
उधर, एसडीएम भरमौर डॉ. जितेंद्र कंवर ने बताया कि तहसीलदार को जांच के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट तैयार होने के बाद किसानों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाएगा।