मोदी सरकार ने छुपा ली स्विस बैंक में काला धन रखने वालों की लिस्ट: राहुल गांधी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में कांग्रेस सरकार के 4 साल का कार्यकाल पूरा होने पर राहुल गांधी ने धर्मशाला रैली में मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि स्विस बैंक ने पीएम मोदी को काला धन रखने वालों के नामों की लिस्ट दे दी है। लेकिन मोदी सरकार ने वो लिस्ट छुपा ली।
राहुल ने कहा कि इस बात का खुलासा उस वक्त हुआ जब हमने ससंद में इस पर सवाल पूछा तो सरकार ने यह माना कि ऐसी लिस्ट भेजी गई है। राहुल ने कहा कि सरकार इस लिस्ट के नामों का खुलासा करे। राहुल ने कहा कि जब भी मैं पीएम मोदी से सवाल पूछता हूं वो मेरा मजाक उड़ाते हैं।
पीएम मजाक उड़ाते रहें लेकिन मेरे सवालों का जवाब दे दें। राहुल ने कहा कि टोपी हिमाचल की शक्ति का केंद्र है। पीएम मोदी ने हिमाचल की टोपी उतार दी। देश का 60 फीसदी धन 1 फीसदी लोगों के पास है। ये 60 फीसदी पैसा भी सिर्फ 50 परिवारों के पास है। ये वहीं लोग हैं जो पीएम के साथ अमेरिका की यात्राएं करते हैं।
कहा- देश का 94 फीसदी पैसा विदेशी बैंकों, सोने और रियल इस्टेट में
राहुल ने कहा कि देश सिर्फ 6 फीसदी कैश कालाधन है बाकि 94 फीसदी पैसा विदेशी बैंकों, सोने और रियल इस्टेट में पड़ा है। राहुल ने कहा कि पीएम मोदी ने चुनाव के समय कहा था कि विदेशों से काला धन वापस लाएंगे। और हर व्यक्ति के खाते में 15 लाख होंगे।
लेकिन ये सिर्फ महल घोषणाएं ही थीं। धरातल पर कुछ नहीं हुआ। राहुल ने कहा कि नोटबंदी किसान, मजदूर और मिडल क्लास परिवारों के खिलाफ उठाया गया कदम है। राहुल ने कहा पीएम मोदी ने देश को दो हिस्सों में बांट दिया। एक तरफ अमीर और दूसरी तरफ गरीब और मिडल क्लास लोग।
इस रैली में राहुल गांधी के अलावा प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी, मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू समेत हिमाचल कांग्रेस के सभी बड़े नेता मौजूद रहे।
रैली में प्रदेश भर से भीड़ जुटाकर सत्तारूढ़ कांग्रेस ने एक संदेश देने का प्रयास किया। राहुल गांधी रैली स्थल पर दोपहर करीब एक बजे पहुंचे। वह कांगड़ा हवाई अड्डे पर 11:30 बजे पहुंचे और सीधे पुलिस ग्राउंड गए।
रैली को संबोधित करने के बाद राहुल गांधी ने नगरोटा बगवां इंजीनियरिंग कॉलेज का उदघाटन और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया।
पीएम मोदी ने उतारी हिमाचल की हैट : राहुल
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हिमाचल की हैट (टोपी) उतारने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हॉर्टिकल्चर, एग्रीकल्चर और टूरिज्म (हैट) हिमाचल की शक्ति है। उन्होंने अपनी टोपी को हाथ में लेकर कहा कि धर्मशाला में उनका हिमाचली टोपी पहनाकर सम्मान किया गया, लेकिन नोटबंदी से मोदी ने हिमाचल की इसी हैट को उतार दिया। कहा कि मोदी ने हिमाचल की बागवानी, कृषि और पर्यटन पर जबरदस्त चोट पहुंचाई है।
राहुल गांधी रैली में मौजूद लोगों की ओर इशारा करते हुए बोले- मैं आपसे सवाल पूछना चाहता हूं कि हिमाचल के किसानों के सेब, आम, कीवी आदि के बगीचे होते हैं। क्या यहां के किसान इनके लिए बीज और खाद मोबाइल से खरीदते हैं। कहा कि मोदी ने किसानों के खेतों में आग लगा दी है। ये काम मोदी ने हंसते हुए किया है। हिमाचल में मजदूर काम करता है तो शाम को उसको पैसा क्या चेक से मिलता है।
नहीं, मजदूर को पैसा कैश से मिलता है। नोटबंदी से मोदी ने महिलाओं के घरों में आग लगाई। धर्मशाला और शिमला शहर पूरी दुनिया में माने जाते हैं, लेकिन मोदी ने इन पर्यटन स्थलों की रीढ़ की हड्डी तोड़ी है। हिमाचल में पीएम ने पर्यटन को खत्म कर दिया है।
मोदी कहते हैं कि कैशलेस मुहिम से पहले सर्जिकल स्ट्राइल कर उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ बड़ा कदम उठाया, लेकिन असली सर्जिकल स्ट्राइक तो सीमा पर हिमाचल के वीरों ने की है। मोदी की नोटबंदी की सर्जिकल स्ट्राइक के बाद आतंकवादियों की जेब से 2000 रुपये के नए नोट निकलते हैं।
वीरभद्र-सुक्खू के हाथ थामे और दिया मिशन रिपीट का मंत्र
समय: 12:50 मिनट। राहुल गांधी धर्मशाला में रैली स्थल के लिए सजे मंच के पीछे पहुंच गए हैं। मंच संचालन कर रहे उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री हजारों की तादाद में जनसभा में मौजूद लोगों को इसकी सूचना देते हैं। फिर करीब 10 मिनट तक राहुल गांधी के स्वागत का दौर मंच के पीछे ही चलता है। ठीक 1 बजे राहुल मंच पर पहुंचे और हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन किया।
जब सम्मान का सिलसिला चला तो राहुल के दायीं ओर वीरभद्र और बाईं ओर सुखविंद्र सुक्खू खड़े थे। राहुल ने दोनों के हाथ पकड़े और इसी बीच हिमाचल में कांग्रेस सरकार और संगठन के दोनों प्रमुखों ने बारी-बारी से राहुल के कान में कुछ बुदबुदाया। इसके बाद जब दोनों राहुल के अगल बगल में बैठे तब भी संवाद का सिलसिला ऐसे ही जारी रहा। माना जा रहा है कि राहुल ने हाल ही में सरकार और संगठन के बीच बनी दूरियों को पाटते वीरभद्र सिंह और सुखविंद्र सुक्खू मिशन रिपीट का मंत्र दिया है।
मुख्यमंत्री ने हिमाचली टोपी और शॉल पहनाकर राहुल गांधी को सम्मानित किया। शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा ने तारा माता का चित्र भेंट किया। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू ने भी राहुल गांधी को शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया। युकां अध्यक्ष विक्रमादित्य ने राजीव गांधी के चित्र वाली युवा संदेश पत्रिका दी।
महिला को खड़ा कर निकलवाया जेब से नोट
शुरू में ही राहुल ने नोटबंदी पर बोलते हुए मंच के सामने वीआईपी गैलरी के पास एक महिला को उठने के लिए बोला। राहुल के कहने पर महिला उठ गई। राहुल गांधी ने महिला से पूछा मैडम आपका नाम क्या है। महिला ने अपना नाम राकेश लता बताया। फिर राहुल ने पूछा आप क्या काम करती हैं। महिला ने कहा कि उसकी छोटी सी दुकान है। राहुल ने महिला को उसके पर्स से एक नोट निकालने के लिए कहा।
महिला ने पर्स से एक नोट निकाला और राहुल को दिखाया। फिर राहुल ने महिला से कहा कि आपके हाथ में यह नोट सफेद है। मान लीजिए आपने इस नोट से किसी बड़ी कंपनी से कुछ खरीदा और यही नोट विजय माल्या की जेब में चला गया जो टैक्स नहीं देते हैं।
आप बताओ टैक्स न देने वाले माल्या की जेब में यह नोट जाने के बाद सफेद होगा या काला। महिला ने जवाब दिया काला हो जाएगा। राहुल ने महिला से कहा कि नोट का कोई रंग नहीं होता। जब तक वह ईमानदार की जेब में रहता है तब तक वह सफेद और जैसे ही बेईमान की जेब में जाता है तो यह सफेद हो जाता है।
राहुल ने धर्मशाला में रेहड़ी पर खाया बर्गर
कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी पहले तो पहले तो धर्मशाला रैली में एकाकाए मंच से उठकर कलाकारों के साथ नाटी डालने लग गए। इसके बाद रैली खत्म होते ही जैसे ही राहुल का काफिला धर्मशाला से नगरोटा जाने लगा तो करीब आधा किलोमीटर दूर धर्मशाला कालेज के बाहर बर्गर की रेहड़ी पर रुक गया। यहां पर राहुल गांधी ने बर्गर बनवाकर खाया।
इसके बाद राहुल ने गोलगप्पे भी खाए। आम आदमी की तरह राहुल के रेहड़ी पर बर्गर खाने से वहां पर मौजूद लोग एकाएक कुछ समझ ही नहीं पाए। राहुल ने एक रेहड़ी पर बर्गर खाकर धर्मशाला और हिमाचल की जनता से गांधी परिवार का करीबी रिश्ता होने का संदेश दिया।
उन्होंने आम आदमी की तरह रेहड़ी के सामने सड़क पर खड़े होकर बर्गर खाया। राहुल के साथ मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू ने भी बर्गर खाया।
राहुल के सामने कांगड़ा में बंटी दिखी कांग्रेस
कांग्रेस के सबसे मजबूत कांगड़ा जिले में राहुल के दौरे में कांग्रेस बंटी हुई दिखाई दी। धर्मशाला रैली में शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा और नगरोटा बगवां के कार्यक्रम में परिहवन मंत्री जीएस बाली के शक्ति प्रदर्शन की झलक दिखी। धर्मशाला रैली में परिवहन मंत्री जीएस बाली नहीं आए वहीं नगरोटा बगवां के कार्यक्रम में सुधीर शर्मा नहीं गए। सुधीर के अलावा नगरोटा में उद्योग मंत्री मुकेश अग्रिहोत्री भी नहीं गए।
सुधीर और विक्रमादित्य ने संभाल ली सीएम की कुर्सी
मंच पर जैसे सीएम वीरभद्र सिंह भाषण देने के लिए अपनी कुर्सी से उठे तो प्रथम पंक्ति में बैठे शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा अपनी कुर्सी से उठकर राहुल गांधी के बगल में सीएम की कुर्सी के पास बैठ गए। काफी देर तक सुधीर राहुल गांधी से बातचीत करते रहे। फिर जब सुधीर उठे तो विक्रमादित्य सीएम की कुर्सी पर बैठ गए और राहुल गांधी से बातचीत करने लग पड़े।
विप्लव ने छोड़ी कुर्सी, आशा के लिए नहीं लगी थी चेयर
मंच पर पहली पंक्ति में राज्यसभा सांसद विप्लव ठाकुर बैठी थीं। जैसे ही प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी मंच पर पहुंची तो विप्लव ने अपनी कुर्सी छोड़ दी। वहीं, राहुल के साथ आशा कुमारी भी पहुंची लेकिन प्रथम पंक्ति में उनके लिए जगह नहीं थी। बाद में प्रथम पंक्ति के अंत में एक और कुर्सी लगाई गई जिस पर आशा कुमारी बैठीं।