Vikramaditya Singh: विक्रमादित्य बोले- जयराम को शोभा नहीं देता गडकरी के साथ हुई बातों का प्रचार करना
विक्रमादित्य ने कहा कि भाजपा नेता लोगों का ध्यान व्यर्थ की बातों में भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। नेता विपक्ष जयराम ठाकुर जिस कुर्सी पर वह बैठे हैं, उसकी मर्यादा को बनाए रखना चाहिए।
विस्तार
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के दौरे के दौरान मनाली में वरिष्ठ अफसरों के मौजूद नहीं रहने को लेकर सवाल उठा रहे नेता विपक्ष जयराम ठाकुर पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने पलटवार किया है। वीरवार को राज्य सचिवालय में पत्रकार वार्ता में विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि गडकरी के साथ गाड़ी में हुई बातों का प्रचार करना नेता विपक्ष को शोभा नहीं देता है।
गाड़ी में केंद्रीय मंत्री के साथ कई गोपनीय बातें होती हैं। इस तरह की हल्की बातें नहीं करनी चाहिए। जिस कुर्सी पर वह बैठे हैं, उसकी मर्यादा को बनाए रखना चाहिए। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री, मैं खुद और आवश्यक अधिकारी मनाली में मौजूद थे। केंद्रीय मंत्री को हर जानकारी दी गई। नेता विपक्ष बेमतलब की बातें कर रहे हैं। लोकनिर्माण विभाग और एनएचएआई के चीफ इंजीनियर मौके पर थे।
विक्रमादित्य ने कहा कि भाजपा नेता लोगों का ध्यान व्यर्थ की बातों में भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने हिमाचल को पूरा सहयोग देने की बात कही है। मंडी और कुल्लू में बैठक कर मैंने नुकसान की पूरी रिपोर्ट तैयारी की है। केंद्रीय मंत्रालय को जल्द ही इसकी रिपोर्ट भेजी जाएगी। लोकनिर्माण और जल शक्ति विभाग मुस्तैदी से व्यवस्थाओं को पटरी पर लाने में जुटा है।
मंडी और धर्मपुर में सीवरेज योजनाओं को नुकसान पहुंचा है। इन्हें ठीक करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। मरम्मत के दौरान ध्यान देंगे कि सीवरेज की पाइपों से गंदगी पेयजल स्रोतों में न जाए। इसके लिए रोज पानी के सैंपल जांचे जा रहे हैं। यह पानी हमीरपुर, नादौन और सुजानपुर तक जाता है। शिमला-कालका और मंडी-कुल्लू नेशनल हाईवे को ठीक करने का कार्य जारी है। ओछी राजनीति से ऊपर उठना होगा। मिलकर इस आपदा से बाहर निकलना होगा।