Kangra: नशा तस्करी के आरोपी की 48.30 लाख रुपये की संपत्ति जब्त, नूरपुर जिला पुलिस ने की कार्रवाई
नशा तस्करों की काली कमाई से बनाई संपत्तियों को जब्त करने की मुहिम में नूरपुर जिला पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली हैं।
विस्तार
नशे के अवैध कारोबार पर नकेल कसने के लिए नशा तस्करों की काली कमाई से बनाई संपत्तियों को जब्त करने की मुहिम में नूरपुर जिला पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली हैं। जिला पुलिस ने डमटाल पुलिस थाना के तहत पड़ते सीरत निवासी नशा तस्करी के आरोपी शमशेर सिंह की 48.30 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति जब्त की है। आरोपी के खिलाफ डमटाल पुलिस थाना में नशा तस्करी के तीन मामले दर्ज हैं। पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपी को 24 मार्च 2025 को हिरासत में लेने के भी आदेश जारी किए गए थे।
एसपी अशोक रतन ने बताया कि 30 जुलाई 2023 को डमटाल पुलिस थाना के तहत भदरोआ में नाकाबंदी के दौरान आरोपी को 10.1 ग्राम हेरोइन (चिटटा) और साढ़े 8 हजार रुपये की नकदी के साथ गिरफ्तार किया गया था। इसके चलते आरोपी के खिलाफ डमटाल पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले की जांच के दौरान यह पाया गया था कि आरोपी शमशेर सिंह एक सक्रिय तस्कर है, जो कि नशीले पदार्थों की तस्करी में लगातार शामिल रहा है तथा कई बार गिरफ्तार होने के बावजूद भी उसने नशे का अवैध व्यापार जारी रखा। आरोपी के खिलाफ डमटाल पुलिस थाना में नशा तस्करी के तीन मामले दर्ज हैं।
नशीले पदार्थों की तस्करी में उसकी लगातार संलिप्तता के चलते जिला पुलिस नूरपुर ने 26 सितंबर 2024 को एक प्रस्ताव सचिव (गृह) को पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपी के खिलाफ निरुद्ध आदेश जारी करने की सिफारिश की गई थी। 24 मार्च 2025 को डिटेंशनआथरिटी के आदेश पर आरोपी को निरुद्ध कर लिया गया और आरोपी शमशेर सिंह की संपत्ति की वितीय जांच अमल में लाई गई।
इसके तहत जिला पुलिस ने आरोपी की कुल 48,30,997 रुपये की चल एवं अचल संपत्ति जब्त करने के लिए आगामी कानूनी प्रक्रिया के लिए सक्षम प्राधिकरण दिल्ली को सिफारिश भेजी थी। इस पर 16 जुलाई 2025 को सक्षम प्राधिकरण दिल्ली की ओर से जब्ती आदेशों की पुष्टि कर दी गई है। एसपी अशोक रतन ने बताया कि सक्षम प्राधिकरण, दिल्ली की ओर से पुलिस जिला नूरपुर से अभी तक भेजे गए 12 मामलों से कुल 19,18,35,254 रुपये की संपत्ति की जब्ती की पुष्टि की गई हैं। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस नूरपुर का यह अभियान नशे के अवैध व्यापार के खिलाफ लगातार जारी रहेगा।
