शिक्षकों के लिए अच्छी खबर, प्रमोशन समेत मिले कई तोहफे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राज्य शिक्षा विभाग में विभिन्न पदों पर तैनात एक हजार शिक्षकों को जल्द पदोन्नति दी जाएगी। शुक्रवार को उच्च शिक्षा निदेशालय में निदेशक दिनकर बुराथोकी की अध्यक्षता में हुई राजकीय अध्यापक संघ के साथ बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक में राजधानी शिमला में टीचर हॉलीडे होम बनाने का फैसला भी लिया गया। उच्च शिक्षा निदेशक ने अपने स्तर की सभी मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।
वहीं, शेष मांगों को सरकार को भेजने की सहमति जताई। बैठक में अतिरिक्त निदेशक एमएल आजाद, वित्त नियंत्रक वीके वर्मा और राजकीय अध्यापक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विरेंद्र चौहान सहित कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में भाग लेते हुए संघ के पदाधिकारियों ने कहा पीजीटी सिर्फ ऐडजस्टमेंट के लिए छठीं से दसवीं कक्षा तक पढ़ाएंगे। नियमित तौर पर पीजीटी इन कक्षाओं में नहीं पढ़ाएंगे।
इन मांगों पर भी बनी सहमति
बैठक में सहमति बनी कि शिक्षकों की एसीआर को आनलाइन किया जाएगा। पदोन्नति के लिए शिक्षकों से बार-बार आवेदन नहीं मांगे जाएंगे। संघ के प्रदेश अध्यक्ष विरेंद्र चौहान ने बताया कि हर साल शिक्षकों की एसीआर मांगी जाती है। इसमें पैसे और समय की बर्बादी होती है। निदेशक ने एसीआर को आनलाइन करने का आश्वासन दिया है। शिमला में टीचर हॉलीडे होम बनाया जाएगा।
करीब दो करोड़ की राशि विभाग के पास है। चौहान ने बताया कि बैठक 36 सूत्रीय मांग पत्र और 13 सूत्रीय अनुपूरक मांगों पर चर्चा हुई। फैसले हुए कि एक हजार टीजीटी की पीजीटी और हेडमास्टरों को पदोन्नति दी जाएगी। वरिष्ठता सूची को अपडेट किया जाएगा। स्थाईकरण की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। विरेंद्र चौहान ने बताया कि प्रयोगशाला परिचरों के संशोधित ग्रेड पे का मामला वित्त विभाग को भेजा गया है।
निदेशक ने हर स्कूल में लिपिक उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया है। बैठक में विभिन्न शिक्षक संगठनों के पंजीकरण को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। निदेशक ने सभी संगठनों के पंजीकरण की जांच करने की बात कही।
शिक्षकों की छुट्टियां रद्द, ये रही वजह
बारहवीं विधानसभा के दसवें शीतकालीन सत्र के चलते शिक्षा विभाग में 22 नवंबर से लेकर चार दिसंबर तक छुट्टियों पर रोक लगा दी है। 30 नवंबर से शुरू होने वाले शीतकालीन सत्र के चलते उच्च शिक्षा निदेशक ने यह निर्देश जारी किए हैं। विभाग के अधिकारियों और उनके तहत काम करने वाले कर्मचारियों को शीतकालीन सत्र के चलते रविवार सहित अन्य छुट्टियों के दौरान भी बुलाया जा सकता है।
विभाग ने विधानसभा में शिक्षा विभाग से संबंधित लगे सभी प्रश्नों के जवाब 23 नवंबर तक देने के आदेश भी दिए हैं। शिक्षा विभाग ने कार्यालय आदेश निकाल कर सभी संबंधित अधिकारियों को इस बाबत अवगत करवा दिया है शिक्षा निदेशालय ने सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान विभाग से संबंधित सभी प्रश्नों के जवाब मुख्यमंत्री को दिखाए जाने हैं।
ऐसे में 23 नवंबर तक जवाब विभाग को सौंपे जाने चाहिए। विस्तार से जवाब बाद में भी दिए जा सकते हैं। अभी संक्षेप में जानकारियां उपलब्ध करवानी होंगी। अतिरिक्त मुख्य सचिव शिक्षा के आदेशानुसार निदेशक उच्च शिक्षा ने संबंधित अधिकारियों को इस मामले को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा है।
इनकी छुट्टियां हुई हैं रद्द
अतिरिक्त निदेशक प्रशासन, कॉलेज, स्कूल उच्च शिक्षा, संयुक्त निदेशक कॉलेज, संयुक्त निदेशक फाइनेंस एंड अकाउंट, सह निदेशक उच्च निदेशक, उच्च शिक्षा के सभी उपनिदेशक, सभी सरकारी कॉलेजों के प्रिंसिपल, कमांडर एनसीसी और चीफ लाइब्रेरियन सेंट्रल स्टेट लाइब्रेरी सोलन की छुट्टियां रद्द करने के आदेश दिए गए हैं। इन अधिकारियों के अधीन काम करने वाले स्टाफ को भी छुट्टियां नहीं मिलेंगी।