वाह सरकार! एक छात्र पर तैनात कर दिया एक प्रोफेसर
हिमाचल के कई कॉलेजों में प्रवक्ताओं के पद खाली हैं, लेकिन राज्य का एक ऐसा कॉलेज भी है, जहां सरकार ने एक विद्यार्थी के लिए एक प्रोफेसर की तैनाती की है। मामला सिरमौर जिले के हरिपुरधार कॉलेज का है। यहां कामर्स संकाय में एक ही छात्र का दाखिला हो पाया है। सरकार ने यहां कॉमर्स विषय का एक शिक्षक तैनात किया है।
दिलचस्प बात है कि यही एक शिक्षक इस बच्चे को कॉमर्स से जुड़े तमाम विषयों को पढ़ा रहा है। उधर, कई कॉलेज ऐसे हैं, जहां सैकड़ों विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए शिक्षकों की भारी कमी है, लेकिन यहां एक छात्र की पढ़ाई पर सालाना एक लाख से भी अधिक का खर्चा किया जा रहा है।
हालांकि, नए सत्र के बाद यहां कॉमर्स विषय के छात्रों की संख्या बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। हैरत की बात है कि साथ लगते संगड़ाह कॉलेज में कॉमर्स का एक भी शिक्षक नहीं है। इस वजह से छात्र दाखिला नहीं ले रहे।
पिछले वर्ष दो बच्चों ने दाखिला लिया था। शिक्षक नहीं होने के कारण वे दूसरे कॉलेज को चले गए। उधर, कॉलेज में अन्य विषय के प्रवक्ताओं का हाल में तबादला किया गया है। बिना रिलीवर हुए इन तबादलों के चलते कॉलेज की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कॉलेज में वर्तमान में हिंदी, कॉमर्स, इतिहास, अंग्रेजी और संगीत विषय के प्रवक्ता ही तैनात हैं।
राजनीतिक विज्ञान, सामाजिक शास्त्र, शारीरिक शिक्षा से जुड़े प्रवक्ताओं का तबादला हुआ है। हरिपुरधार कॉलेज के प्राचार्य रविंद्र शर्मा ने बताया कि कॉलेज से हाल में तीन प्रवक्ताओं के तबादले हुए हैं। कॉमर्स विषर्य में यहां एक ही शिक्षक है। जो कॉमर्स विषय के एक छात्र को तमाम विषय पढ़ा रहे हैं। नए सत्र में कामर्स संकाय के विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।