शिमला के निजी स्कूल फीस घटाने को तैयार, बैठक में भरी हामी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी शिमला में एक दर्जन से अधिक निजी स्कूल शैक्षणिक सत्र 2019-20 के दौरान बढ़ाई गई फीस घटाने को तैयार हो गए हैं। गुरुवार को उच्च शिक्षा निदेशालय पहुंचे निजी स्कूलों के प्रबंधन वर्ग ने फीस घटाने की हामी भरी।
निजी स्कूलों ने जमा हो चुकी फीस अगली किस्त में समायोजित करने का वादा किया है। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में फीस स्ट्रक्चर पर विस्तार से चर्चा हुई।
संयुक्त निदेशक डॉ. सोनिया ठाकुर, डॉ. राकेश भारद्वाज, डॉ. प्रमोद चौहान, डॉ. चंद्रेश्वर शर्मा सहित कई अधिकारी बैठक में मौजूद रहे। उच्च शिक्षा निदेशक ने निजी स्कूलों के प्रभारियों को तल्ख लहजे से कहा कि मनमाने तरीके से फीस बढ़ाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
ऐसे स्कूलों की मान्यता भी रद्द की जा सकती है। इसके बाद निजी स्कूलों ने एकमत होकर फीस घटाने की बात कही। स्कूल प्रबंधनों ने कहा कि जल्द फीस कम कर दी जाएगी।
शिक्षा निदेशालय को इस बाबत सूचित भी किया जाएगा। निदेशक ने कहा कि आगामी शैक्षणिक सत्र से सभी निजी स्कूलों को फीस स्ट्रक्चर लागू करने से पहले निदेशालय को सूचित करना होगा।
एचआरटीसी बसों की स्कूल खुद करेंगे निगरानी
बैठक के दौरान निजी स्कूलों ने पीटीए गठन के लिए 30 जुलाई तक की मोहलत मांगी। निदेशक ने मोहलत देते हुए हर हाल में जुलाई में पीटीए गठन की प्रक्रिया पूरी करने को कहा।
शिक्षा निदेशालय ने विद्यार्थियों के स्कूल आने-जाने के लिए लगाई एचआरटीसी बसों की स्कूलों को स्वयं निगरानी करने के आदेश दिए। निदेशक ने कहा कि सरकारी बसों की हालत ठीक है या नहीं, इस पर स्कूल प्रबंधन स्वयं कड़ी नजर रखें।
अगर कमियां हों, तो परिवहन निगम को अवगत करवाएं। उन्होंने निजी स्कूलों को अपनी बसें चलाने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा सीबीएसई की गाइडलाइन का भी पालन करने को कहा।