Una News: प्लांट के बाहर धरने में बैठे ट्रक ऑपरेटरों को उठा ले गई पुलिस, कवरेज करने गए पत्रकार पर हमला
ऊना जिले में रायपुर सहोड़ां बॉटलिंग प्लांट में इंडेन गैस प्लांट और ट्रक यूनियन के बीच माल ढुलाई को लेकर चल रहे विवाद के बीच ट्रक यूनियन के सदस्य प्लांट के बाहर सोमवार को धरने पर बैठ गए।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में रायपुर सहोड़ां बॉटलिंग प्लांट में इंडेन गैस प्लांट और ट्रक यूनियन के बीच माल ढुलाई को लेकर चल रहे विवाद के बीच ट्रक यूनियन के सदस्य प्लांट के बाहर सोमवार को धरने पर बैठ गए। इस दौरान माहौल तनावपूर्ण रहा। हालांकि, बाद में धरना प्रदर्शन कर रहे मैहतपुर ट्रक यूनियन के पदाधिकारियों और ट्रक ऑपरेटरों को जबरदस्ती गाड़ियों में बैठाकर पुलिस ले गई। बाकी ट्रक ऑपरेटरों को तितर-बितर कर दिया गया। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। गैस कंपनी और ट्रक यूनियन के बीच माल ढुलाई को लेकर हुए करार की मियाद 30 अप्रैल 2023 को खत्म हो गई है। इस संबंध में हाईकोर्ट ने भी आदेश जारी किए हैं।
पंजाब से गाड़ियों को प्लांट से ढुलाई का टेंडर मिला है। यूनियन का आरोप है कि टेंडर में फर्जी नंबर की गाड़ियों को शामिल किया गया है। इसी का विरोध करते हुए यूनियन के सदस्यों ने सोमवार को प्लांट के गेट के बाहर ट्रक लगा दिए और प्लांट के आने जाने वाले वाहनों की आवाजाही रोक दी। इसी के साथ यूनियन के पदाधिकारी गेट के बाहर धरने पर बैठ गए। पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। हाईकोर्ट के आदेशों की पालना करवाने के लिए एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने मौके पर जाकर ट्रक ऑपरेटरों को पहले 15 मिनट का अल्टीमेटम दिया। ट्रक ऑपरेटरों के धरना प्रदर्शन जारी रखने से माहौल तनावपूर्ण हो गया।
इस बीच, भारी संख्या में पुलिस पहुंच गई। आखिर में पुलिस बल ने ट्रक ऑपरेटरों को जबरदस्ती गाड़ियों में बैठाया और इंडेन बॉटलिंग प्लांट के आगे लगाई गई गाड़ियों को हटवा दिया। बताया जा रहा है कि इंडेन गैस प्लांट के आगे लगाई गई गाड़ियों को पुलिस ने लाइन में भेज दिया है। धरने पर बैठे ट्रक ऑपरेटरों हरजीत सिंह, धर्मपाल पिंकी, अविनाश मेनन समेत कई पदाधिकारियों को पुलिस गाड़ियों में बैठाकर ले गई। प्लांट के अंदर तथा बाहर गाड़ियां खड़ी सभी गाड़ियों को हटा दिया गया है। उधर, धरना प्रदर्शन खत्म होने के उपरांत प्लांट से बाहर आए बॉटलिंग प्लांट के डीजीएम समरेश कुमार ने एसपी अर्जित सेन ठाकुर का आभार जताते हुए कहा कि माहौल को सामान्य बनाने के लिए आगे भी पुलिस का सहयोग मांगा है।
उच्च न्यायालय के आदेशानुसार इंडेन गैस बॉटलिंग प्लांट के पूरे परिसर को खाली करवा दिया गया है। ट्रक ऑपरेटरों का धरना प्रदर्शन समाप्त हो गया है।-अर्जित सेन ठाकुर, एसपी ऊना
कवरेज करने गए पत्रकार पर हमला, लहूलुहान
रायपुर सहोड़ां स्थित इंडियन ऑयल के एलपीजी प्लांट के बाहर ट्रक ऑपरेटरों ने पत्रकारों पर हमला कर दिया। इस घटना में एक वरिष्ठ पत्रकार लहूलुहान हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। अन्य ने मौके से भागकर जान बचाई। पुलिस ने प्रदर्शनकारी ट्रक ऑपरेटरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सोमवार को रायपुर सहोड़ां स्थित आईओसीएल प्लांट के बाहर ट्रक ऑपरेटर धरना प्रदर्शन कर रहे थे। इसकी कवरेज के लिए जिला मुख्यालय से पांच पत्रकार आईसीओएल प्लांट पहुंचे। पत्रकारों और ट्रक ऑपरेटर के बीच बातचीत चल ही रही थी कि ट्रक ऑपरेटर यूनियन का एक पदाधिकारी गालीगलौज करते हुए पत्रकारों की तरफ बढ़ा। देखते ही देखते उसने एक वरिष्ठ पत्रकार पर हमला कर दिया। उसे देखकर अन्य ट्रक ऑपरेटर भी हमले में शामिल हो गए। हालांकि, घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात था, लेकिन दर्जनों ट्रक ऑपरेटर पुलिस कर्मचारियों पर भी हावी हो गए। पुलिस ने घटना को लेकर मीडिया कर्मी के बयान दर्ज किए हैं। उधर, एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने कहा कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।