जब चिता पर से शव उठा लाई पुलिस, वजह चौंकाने वाली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अंतिम संस्कार की सभी तैयारियां पूरी थीं। शव को चिता पर भी रख दिया गया, लेकिन अचानक पुलिस श्मशानघाट पर पहुंचती है और अंतिम संस्कार रोक दिया जाता है। मामला हिमाचल के ऊना जिले के उपमंडल अंब के तहत गोंदपुर बनेहड़ा में उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस ने श्मशानघाट में चिता पर रखे एक वृद्ध के शव को कब्जे में लेकर अंतिम संस्कार रोक दिया।
बताया जा रहा है वृद्ध की संदिग्ध रूप से जहरीला पदार्थ खाने के कारण मौत हुई थी। लेकिन पुलिस को इस बारे सूचित नहीं किया गया था। किसी व्यक्ति ने पुलिस को मामले की सूचना दे दी। वृद्ध द्वारा जहरीला पदार्थ खाने के कारण अभी तक सामने नहीं आ सके हैं।
मुखाग्नि देने की चल रही थी तैयारी
मृतक की पहचान गोंदपुर बनेहड़ा निवासी 62 वर्षीय सुखदेव के रूप में की गई है। जानकारी के मुताबिक अंब पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गोंदपुर बनेहड़ा में एक व्यक्ति की जहर खाने के कारण मौत हो गई है। उसके परिजन बिना पुलिस को सूचित किए उसका अंतिम संस्कार करने में जुटे हैं।
पुलिस टीम फौरन गोंदपुर बनेहड़ा के श्मशानघाट में पहुंच गई। जहां चिता को मुखाग्नि देने की तैयारी चल रही थी। पुलिस ने अंतिम संस्कार को रुकवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया।
बताया जा रहा है कि सुखदेव ने मंगलवार शाम किसी कारण जहर खा लिया था। जिसके बाद उसे दौलतपुर चौक अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां उसकी गंभीर हालत के चलते उसे पीजीआई रेफर कर दिया।
ऐन वक्त पर पहुंची पुलिस
परिजन उसे होशियारपुर स्थित किसी निजी अस्पताल में ले गए। जहां उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। परिजनों ने बिना पुलिस को बताए अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दीं लेकिन मामले की भनक पुलिस को लग गई। सुबह ऐन वक्त पर पुलिस गोंदपुर बनेहड़ा के श्मशानघाट पहुंच गई।
डीएसपी अंब जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।