हिमाचल : आपदा से जूझते हिमाचल का जायजा लेने कल आएंगे पीएम मोदी, धर्मशाला में करेंगे बैठक
मंगलवार को आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के साथ कांगड़ा में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नौ सितंबर को आपदा से जूझ रहे हिमाचल का जायजा लेने आएंगे। मंगलवार को आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के साथ कांगड़ा में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी मौजूद रहेंगे। प्रदेश सरकार ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान पर प्रेजेंटेशन देने के साथ मुख्यमंत्री सुक्खू पीएम से राहत पैकेज और हिमाचल को आपदा प्रभावित राज्य घोषित करने की मांग करेंगे। सामान्य प्रशासन विभाग को प्रधानमंत्री कार्यालय से मोदी के दौरे का शेड्यूल मिल गया है। शेड्यूल के अनुसार पीएम नरेंद्र मोदी 11:15 बजे गगल एयरपोर्ट पर उतरेंगे।
दोपहर 3:00 बजे वह नई दिल्ली के लिए रवाना होते वक्त आपदा प्रभावित चंबा, मंडी और कुल्लू जिले का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। प्रधानमंत्री पहली बार आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने आ रहे हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू केंद्र सरकार से लगातार विशेष राहत पैकेज देने की मांग उठा रहे हैं। सुक्खू सरकार ने राज्य में हुई तबाही को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने का प्रस्ताव भी विधानसभा में पारित किया है। इसे केंद्र को भेजने के साथ प्रदेश सरकार ने अपने स्तर पर राहत पैकेज घोषित किया है। जिन लोगों के मकान पूरी तरह ध्वस्त हुए हैं, उन्हें 7.70 लाख रुपये देने का फैसला लिया है। उधर, मोदी के दौरे को लेकर हिमाचल में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया गया है। एनएसजी की टीम धर्मशाला पहुंच गई है। हिमाचल पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया है।
4,080 करोड़ का नुकसान, 366 लोगों की मौत
अब तक भारी बरसात और प्राकृतिक आपदा से हिमाचल प्रदेश में 4,080 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। प्रदेश में 366 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 426 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। 11 लोग लापता हैं। हिमाचल में जगह-जगह बाढ़ और भूस्खलन से 478 पक्के घर और 746 कच्चे भवन ध्वस्त हुए हैं।
आपदा राहत बजट जल्द जारी करने का करेंगे आग्रह: सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने का कार्यक्रम तय हो गया है। आपदा से जूझ रहे हिमाचल की स्थिति से प्रधानमंत्री को अवगत करवाया जाएगा। साल 2023 की आपदा के पश्चात आवश्यकता मूल्यांकन (पीडीएनए) का बजट केंद्र से दो साल बाद 2025 में प्रदेश को मिला है। वह भी उन योजनाओं के लिए मिला, जो बह गई हैं। केंद्र सरकार खुद आकलन करती है, लेकिन उस आकलन का 20 फीसदी बजट ही जारी किया गया है। राहत के लिए बजट जारी करने में देरी न हो, ऐसा प्रधानमंत्री से आग्रह किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में आपदा में उजड़े घरों को मुआवजा देने के लिए अलग से श्रेणी तय की जाएगी। वह खुद प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं और प्रभावितों को हरसंभव मदद दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून सीजन में हिमाचल में बादल फटने की 50 से अधिक घटनाएं हो चुकी हैं। इसके लिए वैज्ञानिकों की टीम ने निरीक्षण किया है। कुल्लू, मनाली, बंजार, शिमला, किन्नौर में बागवानों का सेब मंडियों तक पहुंच जाएगा। मौसम साफ होते ही मार्ग की बाधाओं को दूर कर बागवानों को राहत पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। जीएसटी संशोधन के चलते हिमाचल प्रदेश को होने वाले नुकसान की भरपाई पर कहा कि प्रदेश सरकार इसको लेकर नई नीति तैयार कर रही है। इससे आम जनता को इसका फर्क नहीं पड़ेगा।
एसपीजी पहुंची धर्मशाला, केंद्र ने कुल्लू-मंडी, चंबा जिले का दाैरा किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीसरे कार्यकाल में पहली बार मंगलवार को कांगड़ा पहुंचेंगे। इस दौरान वे प्रदेश भर में भारी बारिश से आई आपदा से हुए नुकसान का जायजा लेंगे। इसके अलावा गगल एयरपोर्ट पर प्रदेश सरकार और पार्टी चुने हुए प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से नुकसान की फीडबैक लेकर उसकी समीक्षा भी करेंगे। पीएम के दौरे से आपदा प्रभावित हिमाचल को एक बड़े राहत पैकेज की उम्मीद भी बंध गई है। प्रधानमंत्री के दौरे से पहले केंद्र की दो टीमें रविवार को मंडी, कुल्लू और चंबा जिलों में हुए नुकसान का आकलन करने के लिए हिमाचल पहुंचीं। केंद्र सरकार की टीम ने सोमवार को मनाली के बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा किया। एसडीएम मनाली रमण कुमार शर्मा भी इस अवसर पर मुख्य रूप से मौजूद रहे। टीम ने आलूग्राउंड, ओल्ड मनाली, वशिष्ट, बाहंग आदि इलाकों का निरीक्षण किया।
पीएम मोदी मंगलवार को गगल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इस दौरान वह मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, डिप्टी सीएम मुकेश अग्रिहोत्री, पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी, सांसद हमीरपुर अनुराग ठाकुर, कांगड़ा-चंबा सांसद राजीव भारद्वाज, मुख्य सचिव सहित प्रदेश के विभिन्न विभागों के मुख्य अधिकारियों के साथ बैठक कर आपदा से संबंधित जानकारी हासिल करेंगे। बताया जा रहा है कि यह बैठक गगल एयरपोर्ट के आसपास ही होगी। जिलाधीश कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी के हिमाचल के आपदा प्रभावित क्षेत्रों के दौरे की प्रस्तावित दौरे की सूचना मिली है। दौरे को लेकर स्पेशल प्रोटेक्शन गार्ड (एसपीजी) की टीम भी धर्मशाला पहुंच चुकी है। टीम ने ला रविवार कोधर्मशाला में बैठक कर सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया।
जयराम ठाकुर ने ये कहा
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सोमवार को धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस आपदा की घड़ी में प्रदेश के लोगों का दुख बांटने के लिए आ रहे हैं। अभी तक मानसून में साढ़े 300 से अधिक लोगों की माैत हो गई। हजारों लोग बेघर हो गए हैं। पर्यटन उद्योग बुरी तरह प्रभावित है। बड़ी संख्या में इलाके सड़क-बिजली व संचार सुविधा से कटे हुए हैं। इस आपदा के कारण आने वाले वर्षों में भी प्रदेश के लिए बहुत बड़ी चुनौती होगी।