मनाली के सासे हेलीपैड पर उतरेंगे पीएम मोदी: जयराम
सामरिक महत्व की अटल टनल रोहतांग के लोकार्पण का काउंटडाउन शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि 3 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सासे हेलीपैड पर उतरेंगे। यहां से सोलंगनाला जाएंगे और लोगों से रूबरू होंगे। इसके बाद टनल के साउथ पोर्टल पर जाएंगे। यहां लोकार्पण के बाद टनल का निरीक्षण करेंगे और नॉर्थ पोर्टल से एक बस को हरी झंडी दिखाएंगे। पीएम के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी आ रहे हैं। पीएम दौरे की तैयारियों का जायजा लेने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर लाहौल पहुंचे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी केलांग के नए परिधि गृह के वीआईपी कमरे में ठहरेंगे। इस कमरे की वुडन फ्लोरिंग की जाएगी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पर्यटन विभाग के चंद्रभागा होटल के टॉप फ्लोर में रात बिताएंगे। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय भी इसी होटल में ठहरेंगे। मुख्यमंत्री ने बुधवार को परिधि गृह के हर कमरे, चंद्रभागा होटल समेत उन तमाम जगहों का जायजा लिया, जहां अतिथियों को रुकना है। सीएम ने लाहौल के सिस्सू, तांदी डाइट और स्तींगरी हेलीपैडों, सिस्सू और सोलंगनाला में संभावित जनसभा स्थलों और अटल टनल का निरीक्षण भी किया।
स्विस टेंट में ठहरेंगे सांसद
सांसद और अन्य नेताओं को केलांग के समीप बिलिंग गांव में स्विस टेंट में ठहराने की व्यवस्था की गई है। सीएम पुराने परिधि गृह में रुकेंगे। मुख्य सचिव और डीजीपी के लिए टशी देलेग और एसपीजी टीम के लिए देकिद होटल बुक किए गए हैं।
स्टाफ का होगा कोविड टेस्ट, नेताओं को छूट
पीएम ड्यूटी में तैनात होने वाले पुलिस, टूरिज्म और प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मियों के कोविड टेस्ट होंगे। कोरोना टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही इन्हें ड्यूटी पर तैनात किया जाएगा। इस टेस्ट से नेताओं को बाहर रखा गया है।
रक्षामंत्री करेंगे दारचा पुल का वर्चुअल उद्घाटन
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार को मनाली-लेह मार्ग पर बने पलचान और 360 मीटर लंबे दारचा पुल का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी इस दौरान मनाली में मौजूद रहेंगे। बीआरओ ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
उद्घाटन के लिए बीआरओ के डीजी हरपाल सिंह भी बुधवार को मनाली पहुंच गए हैं। उन्होंने पुलों के उद्घाटन की तैयारियां का जायजा लिया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को भी तैयारियों को लेकर अवगत करवाया।