गहरी खाई में गिरी पिकअप, एक की मौत
लाहौल स्पीति उदयपुर से 29 किलोमीटर दूर ब्रहम नाले में सड़क दुर्घटना में एक युवक मौत और एक अन्य घायल हो गया है। वाहन चालक ने मौके पर ही दम तोड़ा और घायल युवक को मंगलवार सुबह जिला अस्पताल केलांग में भर्ती किया गया है।
घायल की हालात खतरे से बाहर बताई जा रही है। मृतक का पोस्टमार्टम के बाद शव को पुलिस ने परिजनों के हवाले कर दिया है।
पिकअप एचपी 43-0414 केलांग की ओर से उदयपुर की तरफ आ रही थी कि ब्रहम नाले के पास मोड़ पर वाहन अचानक अनियंत्रित हो कर तकरीबन 300 फीट नीचे नालें में जा गिरा।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक वाहन में दो लोग सवार थे। वाहन को झोलिंग निवासी रमेश लाल (36) चला रहा था कि उसके साथ एक अन्य जसरथ निवासी रोविंद्र कुमार भी वाहन में सवार था।
कड़ी मशक्कत के बाद घायल को पहुंचाया अस्पताल
घटना में रमेश लाल की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि घायल रोविंद्र कुमार का जिला अस्पताल केलांग में उपचार चल रहा है। पुलिस चौकी जाहलमां में तैनात एएसआई सुख राम ने बताया कि घटना रात तकरीबन साढ़े नौ बजे की है।
पुलिस चौकी जाहलमा को इस घटना की देर रात्रि 2:30 बजे दूरभाष पर केलांग से सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया है।
इस घटना पर स्थानीय विधायक रवि ठाकुर,जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अनिल सहगल, लाहौल पंचायत प्रधान संघ के अध्यक्ष वीर सिंह ने गहरा शौक प्रकट करते हुए मृतक के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की है। अनिल सहगल ने कहा कि दुख की इस घड़ी में समूची लाहौलवासी मृतक के परिजनों के साथ है।