Shimla: टांडा में पीजी सीटें बढ़ेंगी, मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी कोर्स भी होंगे, रोगी कल्याण समिति की बैठक में फैसल
मरीजों की सुविधा के लिए महाविद्यालय में हाई-परफॉर्मेंस लिक्विड क्रोमैटोग्राफी मशीन लगाई गई है। इसके साथ ही कंटीन्यूअस रीनल रिप्लेसमेंट थेरेपी और हीमोडायाफिल्ट्रेशन डायलिसिस मशीनें भी स्थापित की गई हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा में पीजी सीटों में वृद्धि की जाएगी। मेडिकल लैबोरेट्री टेक्नोलॉजी कोर्स शुरू होंगे। नर्सिंग छात्राओं के लिए बेहतर अवसंरचना को भी सुनिश्चित किया जाएगा। मरीजों की सुविधा के लिए महाविद्यालय में हाई-परफॉर्मेंस लिक्विड क्रोमैटोग्राफी मशीन लगाई गई है। इसके साथ ही कंटीन्यूअस रीनल रिप्लेसमेंट थेरेपी और हीमोडायाफिल्ट्रेशन डायलिसिस मशीनें भी स्थापित की गई हैं। लोगों की सुविधा के लिए पार्किंग सुविधा के विस्तार पर भी काम होगा। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनी राम शांडिल ने शुक्रवार को टांडा मेडिकल काॅलेज की रोगी कल्याण समिति की गवर्निंग बॉडी की बैठक शिमला से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये की।
पिछले साढ़े तीन वर्षों में स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। राज्य के चिकित्सा संस्थानों को देश के प्रतिष्ठित संस्थानों की तर्ज पर उन्नत किया जा रहा है। सरकार ने आधुनिक स्वचालित लैब स्थापित करने के लिए 75 करोड़ रुपये जारी किए हैं। यह लैब अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटीज चमियाना, आईजीएमसी शिमला और टांडा चिकित्सा महाविद्यालय में स्थापित होंगी। मंत्री ने कहा कि प्रदेश के चिकित्सा महाविद्यालयों में दशकों पुरानी मशीनों और उपकरणों को बदला जा रहा है। इनके स्थान पर नई अत्याधुनिक मशीनें स्थापित की जा रही हैं। स्वास्थ्य संस्थानों में अत्याधुनिक एमआरआई, सीटी स्कैन, डिजिटल रेडियोग्राफी और डिजिटल मैमोग्राफी जैसे आधुनिक उपकरण लगाए जा रहे हैं।
बड़े स्तर पर डॉक्टरों, प्रोफेसरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों की भर्ती की जा रही है। बैठक में रोगी कल्याण समिति की गवर्निंग बॉडी ने पिछले तीन वित्तीय वर्षों की उपलब्धियों की समीक्षा की। मंत्री ने रोगी देखभाल सेवाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान देने की बात कही। बैठक में विशेष सचिव स्वास्थ्य डॉ. अश्वनी शर्मा उपस्थित रहे। टांडा से वर्चुअल माध्यम से एचपीटीडीसी के अध्यक्ष आरएस बाली भी जुड़े। टांडा महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मिलाप और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए।