Mahanati: एक हजार महिलाओं ने महानाटी डालकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सिरमौर जिले के श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के बोगधार में विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर करीब एक हजार महिलाओं ने एक साथ महानाटी डालकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के बोगधार में विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर करीब एक हजार महिलाओं ने एक साथ महानाटी डालकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध लोक गायक केएल सहगल के पर्यावरण संरक्षण के संदेश पर आधारित गानों पर महिलाएं खूब थिरकीं। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर मेले के समापन पर महिलाओं ने शानदार नाटी डांस किया।
रेणुकाजी विस क्षेत्र में पेयजल व सिंचाई योजनाओं पर खर्च होंगे 200 करोड़
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने का खाका जलशक्ति विभाग ने तैयार कर लिया है। जल्द इसे सार्वजनिक कर इस पर पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।उपमुख्यमंत्री विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के बोगधार मेले के समापन पर बतौर मुख्यातिथि उपस्थित हुए। उन्होंने प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री वाईएस परमार के योगदान को भी याद किया। कहा कि रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र में जलशक्ति विभाग के तहत 200 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें से 56 पेयजल योजनाओं पर 150 करोड़ रुपये, विभिन्न सिंचाई योजनाओं पर 30 करोड़ और सीवरेज के प्रोजेक्ट पर 19 करोड़ खर्च किए जाएंगे।
उपमुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र में आवश्यकता अनुरूप तीन बस अड्डे निर्मित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने विभिन्न स्थानों के लिए बंद की गई बस सेवाओं को बहाल करने और नए रूटों पर बस चलाने की बात भी कही। बोगधार में उपमुख्यमंत्री ने स्थानीय विधायक विनय कुमार की उपस्थिति में जलशक्ति विभाग से संबंधित 20 करोड़ रुपये की सिंचाई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके तहत विभाग के संगड़ाह उप मंडल की नाबार्ड से संबंधित 10.60 करोड़ रुपये की सिंचाई योजना का शिलान्यास किया गया।
इसके अलावा नौहराधार तहसील की सैर तंदूला पंचायत और संगड़ाह तहसील की ग्राम पंचायत रजाना, बाउनल, ककोग और माइना घड़ेल पंचायत को लाभान्वित करने वाली 6.30 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई सिंचाई योजना को उपमुख्यमंत्री ने लोकार्पित किया। इससे पूर्व उपमुख्यमंत्री का जगह-जगह जोरदार स्वागत किया गया। बोगधार में उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और जल बचाने को लेकर संकल्प पत्र भी जारी किया जिसे प्रदेश में जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इस मौके पर विधायक विनय कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त मनीष यादव, पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा, जल शक्ति विभाग के मुख्य अभियंता जोगिंद्र चौहान समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।