रामलीला में हुई कहासुनी खूनी झड़प में बदली, चाकू से गोदकर युवक की हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिला ऊना में रामलीला में हुई कहासुनी खूनी झड़प में बदल गई। इस खूनी झड़प में एक युवक को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा है। पुलिस थाना ऊना के तहत गांव पनोह में रामलीला देखने गए दो गुटों में हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की मौत हो गई।
युवक पर तेजधार हथियार से हमला किया गया है। मृतक की पहचान अवतार चंद (32) पुत्र लेखराज निवासी पनोह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा अस्पताल भेजा जा रहा है। पुलिस ने हत्या के आरोप में एक आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
मामले में एक आरोपी युवक गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार पनोह निवासी अवतार चंद शनिवार रात को घर के पास रामलीला देखने के लिए गया था। इसी दौरान कुछ युवकों की इसके साथ कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह कहासुनी मारपीट में तबदील हो गई।
इसी दौरान अपना आपा खोते हुए एक युवक ने अवतार चंद पर कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर घायल हो गया। लहूलुहान हालत में अवतार को ऊना अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अवतार चंद श्री रामलीला कमेटी का भी सदस्य था। पुलिस ने मामले को लेकर एक आरोपी युवक अश्वनी कुमार (22)निवासी धुसाड़ा को भी गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। उधर, डीएसपी कुलविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।