खाई में लुढ़की सफारी कार, युवक की मौत, तीन लोग घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चायल-अश्वनीखड्ड मार्ग पर एक सफारी गाड़ी के खाई में लुढ़क जाने से एक युवक की मौत हो गई है। जबकि गाड़ी में सवार तीन अन्य को चोटें आई हैं। हादसे के बाद 108 एंबुलेंस से घायलों को सोलन अस्पताल लाया गया। जहां एक युवक ने दम तोड़ दिया। अन्य तीनों घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस जांच में यह साफ नहीं हो पाया है कि गाड़ी कौन चला रहा था। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हादसा रविवार दोपहर करीब ढाई बजे हुआ। चारों युवक सोलन से चायल वाया अश्वनी खड्ड होकर घूमने जा रहे थे। बड़ा मोड के पास वह रास्ता भूल गए। हादसे के ठीक पहले स्थानीय लोगों से पूछते हुए वे चायल के रास्ते में पहुंचे।
थोड़ी दूरी पर ही हादसा हो गया। गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। ग्रामीण ने इसकी सूचना 108 और पुलिस को दी। खाई से चारों घायलों को बाहर निकाला गया। इन्हें क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया गया। जहां पर एक युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक की पहचान परमिंद्र उम्र 25 के रूप में की है।
मृतक कंडाघाट का बताया जा रहा है, जो निजी कंपनी में कार्यरत था। जबकि सोलन चौक बाजार से रजत 21 वर्ष, सोलन सरकुलर रोड से दीपक 24 वर्ष, सोलन चौक बाजार के अभिमन्यु 26 वर्ष घायल हुए हैं। घायल सभी सोलन में कारोबारियों के बेटे हैं। उधर, एसपी सोलन अंजुम आरा ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पेड़ों से टकराया टिप्पर, एक की मौत
राष्ट्रीय उच्चमार्ग 72 पर धौलाकुआं के नजदीक शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार टिप्पर सड़क के साथ लगते पेड़ों टकरा गया। जिससे उसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना खतरनाक था कि सड़क किनारे लगे तीन पेड़ तथा बिजली की लाइन टूट गई। वहीं, करीब दो घंटे तक यातायात भी अवरुद्ध रहा जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात करीब पौने 11 बजे पांवटा से नाहन जा रहा एक तेज रफ्तार टिप्पर (एचपी 17डी-2490) अनियंत्रित होकर सफेदे के पेड़ से टकराया। टिप्पर सवार शुभम शर्मा उर्फ गोलूू (27) पुत्र अशोक कुमार निवासी गांव बांगरण की इस हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त वह गाड़ी से बाहर गिर गया और टक्कर की वजह से पेड़ टूट कर उस पर गिर गया।
जिसके नीचे दबने के कारण उसकी मौत हुई। एक के बाद दूसरे पेड़ों से टकराने से शुभम के सिर व शरीर में गहरी चोटें आई। वहीं, उसके साथ में सवार हिरदा राम की टांगों व शरीर में चोटें आई हैं। लगभग दो घंटे से भी ज्यादा देर तक यातायात एवं बिजली व्यवस्था बाधित रही। सूचना मिलने पर बांगरण-फूलपुर गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। विधायक चौधरी किरनेश जंग ने मृतक के माता-पिता को सांत्वना दी तथा मदद का आश्वासन दिया।
शुभम मृतक परिवार में सबसे बड़ा लड़का था। पांवटा के डीएसपी प्रमोद चौहान एवं थाना प्रभारी अशोक चौहान ने कहा कि घायल का पांवटा अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया गया है। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार लग रही है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।