डेढ़ लाख पेंशनरों सहित कर्मचारियों को बड़ा तोहफा!
हिमाचल के एक लाख पेंशनरों और 50 हजार कर्मचारियों को एकमुश्त 8 माह के डीए का भुगतान होगा। अक्तूबर महीने में सितंबर की पेंशन और वेतन के साथ पेंशन भोगियों एवं कर्मचारियों को डीए का एरियर एकसाथ मिलेगा।
पेंशनरों के अतिरिक्त उन पचास हजार कर्मचारियों को भी इसका एकमुश्त भुगतान होगा, जो कंट्रीब्यूटरी पेंशन फंड (सीपीएफ) के तहत आते हैं। अन्य सभी करीब डेढ़ लाख कर्मचारियों के डीए का एरियर जीपीएफ में जमा होगा। प्रधान सचिव वित्त डा. श्रीकांत बाल्दी की ओर से इस बारे संबंधित विभागों को आदेश जारी कर दिए गए हैं।
एक साथ डीए भुगतान से हिमाचल सरकार को करीब 150 करोड़ का तत्काल वित्तीय बोझ पड़ेगा। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने 15 अगस्त को प्रदेश के कर्मचारियों और पेंशनरों को 1 जनवरी, 2014 से 10 फीसदी महंगाई भत्ता देने का ऐलान किया था।
हिमाचल में लगभग एक लाख पेंशनर हैं, जबकि 50 हजार ऐसे कर्मचारी हैं, जिनका जीपीएफ नहीं कटता। ऐसे कर्मचारियों को 20 से 35 हजार रुपये एरियर के रूप में मिलेंगे। इनको अक्तूबर में एकमुश्त एरियर मिल जाएगा। सरकार के आदेशों के बाद वित्त विभाग ने इसके लिए आकलन आरंभ कर दिया है।
560 करोड़ का सालाना बोझ
हिमाचल में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को महंगाई भत्ता देने से सालाना 560 करोड़ रुपये का राज्य सरकार पर वित्तीय भार पड़ेगा। इसके लिए भविष्य में सरकार को अतिरिक्त वित्तीय प्रबंधन करने की जरूरत पड़ेगी।
प्रधान सचिव वित्त डा. श्रीकांत बाल्दी ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की घोषणा के अनुसार डीए देने के लिए आदेश जारी कर दिए हैं।
किस पेंशन भोगी या कर्मचारी को आठ महीने का कितना एरियर देना है, इसका आकलन किया जा रहा है। अक्तूबर में पेंशनरों और सीपीएफ वाले कर्मचारियों को डीए एरियर का एकसाथ भुगतान कर दिया जाएगा।