शिक्षकों पर कसा शिकंजा, पहली से बायोमीट्रिक से लगेगी हाजिरी
प्रदेश के 127 स्कूलों सहित शिक्षा निदेशालय, जिला उपनिदेशक कार्यालयों में पहली अगस्त से शिक्षकों और गैर शिक्षकों की हाजिरी बायोमीट्रिक मशीन पर लगेगी। सोमवार को उच्च शिक्षा निदेशक दिनकर बुराथोकी ने सभी जिला उपनिदेशकों को निर्देश जारी कर पहली अगस्त से नई व्यवस्था लागू करने को कहा है।
बायोमीट्रिक से हाजिरी लगाने के लिए पहले चरण में जिला, तहसील, सब तहसील और उपमंडल मुख्यालय के स्कूल चयनित किए गए हैं। दूसरे चरण में अन्य स्कूलों को शामिल किया जाएगा। शिक्षा निदेशालय ने रजिस्टर पर हाजिरी लगाने की व्यवस्था भी साथ-साथ जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
स्कूलों से नदारद रहने वाले शिक्षकों और गैर शिक्षकों पर शिकंजा कसने को सरकार ने यह फैसला लिया है। प्रदेश के 127 सीनियर सेकेंडरी स्कूलों सहित शिक्षा निदेशालय और 12 उपनिदेशक कार्यालयों में पहले चरण में मशीनें लगा दी गई हैं।
सीएम ने दिए थे निर्देश
मुख्यमंत्री के आदेशानुसार शिक्षा विभाग में अनुशासन बनाए रखने और शिक्षकों, गैर शिक्षकों को कैंपस में निर्धारित समय तक रोकने को बायोमीट्रिक मशीनों से हाजिरी लगाने का फैसला लिया गया है।
उच्च शिक्षा निदेशक ने बताया कि पहले चरण में 127 स्कूलों, 12 उपनिदेशक कार्यालयों और शिक्षा निदेशालय में बायोमीट्रिक मशीनें लगाई जाएंगी। चरणबद्ध तरीके से अन्य स्कूलों में भी मशीनों को लगाया जाएगा। कॉलेजों में भी मुख्यमंत्री ने बायोमीट्रिक मशीनें लगाने के आदेश दिए हैं।
शिक्षा निदेशक ने बताया कि जिले से सभी शिक्षकों, गैर शिक्षकों के आधार नंबर सहित अन्य जानकारियां एकत्र कर ली गई हैं। पहली अगस्त से मशीन पर ही हाजिरी लगाई जाएगी। अगले आदेशों तक हाजिरी लगाने का पुराना तरीका भी जारी रखा जाएगा।