बड़ी खबर: बदले जाएंगे एक सीट पर 3 साल से तैनात गैर शिक्षक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में उच्च शिक्षा निदेशालय में तैनात गैर शिक्षकों के तबादले की फाइल तैयार हो गई है। निदेशक दिनकर बुराथोकी से मंजूरी मिलते ही बीते तीन साल से एक ही सीट पर तैनात कर्मचारियों को बदला जाएगा।
संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा पंकज शर्मा ने 200 कर्मियों को बदलने का प्रस्ताव तैयार किया है। संभावित है कि एक सप्ताह के भीतर गैर शिक्षकों के तबादले हो जाएंगे। एक पद पर दो शिक्षकों के तबादले की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने शिक्षा निदेशालय में फेरबदल के आदेश दिए थे।
मामले में गठित उच्चस्तरीय जांच कमेटी की सिफारिश पर मुख्यमंत्री ने ये आदेश दिए। संयुक्त निदेशक को गैर शिक्षक अफसरों और कर्मचारियों की लिस्ट तैयार करने के आदेश हुए हैं। निदेशालय में 253 अफसर और कर्मचारी तैनात हैं। इनमें करीब 200 के तबादले होने हैं।
पहले जांच में सामने आ चुकी है लापरवाही
कुछ माह पूर्व एक शिक्षक ने ठियोग से शोघी स्कूल में तबादला करवाने को निदेशालय में आवेदन किया। शोघी स्कूल से एक शिक्षक के सेवानिवृत्त होने का आवेदन में हवाला दिया। निदेशालय ने तबादला आवेदन मुख्यमंत्री ऑफिस भेजा।
यहां से मंजूरी के बाद शिक्षक को शोघी स्कूल स्थानांतरित कर दिया गया। शिक्षक ने पद भी ग्रहण कर लिया। इसी बीच, तीन अन्य शिक्षकों ने भी शोघी स्कूल में तबादला करने की अर्जी दी। यह प्रक्रिया जारी ही थी कि किसी चौथे शिक्षक के आवेदन को भी शिक्षा निदेशालय ने मुख्यमंत्री ऑफिस भेज दिया। इसके तबादले को मुख्यमंत्री ऑफिस से मंजूरी मिल गई।
जब शिक्षक स्कूल में पद ग्रहण करने पहुंचा तो पता चला कि यहां पहले ही किसी अन्य शिक्षक ने पद संभाल लिया है। इस प्रक्रिया की शिकायत मुख्यमंत्री ऑफिस पहुंची। निदेशालय की ओर से बिना जांच पड़ताल के मुख्यमंत्री ऑफिस तक भेजे गए तबादला आवेदनों पर मुख्यमंत्री ने कड़ा संज्ञान लेते हुए जांच का जिम्मा अपने ओएसडी को सौंपा।
ओएसडी की जांच में शिक्षा निदेशालय की लापरवाही सामने आई। जांच रिपोर्ट में कहा गया कि जब एक शिक्षक ने शोघी स्कूल में रिक्त पद पर ज्वाइन कर लिया तो अन्य शिक्षकों के आवेदन मुख्यमंत्री ऑफिस में भेजना निदेशालय की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है। जांच रिपोर्ट में ही बीते तीन साल से एक ही सीट को देख रहे गैर शिक्षक अफसरों और कर्मचारियों को बदलने की सिफारिश की गई।