टोक्यो पैरालंपिक में रजत पदक जीतकर तीन सितंबर को घर पहुंचेंगे निषाद कुमार, होगा भव्य स्वागत
ऊना जिले के अंब उपमंडल के निषाद का घर पहुंचने पर धुसाड़ा से लेकर अंब तक सात जगह भव्य स्वागत किया जाएगा। माता-पिता और बहन चैंपियन बेटे का घर पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। घर में जश्न का माहौल है। बधाइयां देने वालों का तांता लगा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
टोक्यो पैरालंपिक में रजत पदक जीतकर देश का नाम चमकाने वाले हिमाचल प्रदेश के निषाद कुमार शुक्रवार को अपने घर पहुंचेंगे। ऊना जिले के अंब उपमंडल के निषाद का घर पहुंचने पर धुसाड़ा से लेकर अंब तक सात जगह भव्य स्वागत किया जाएगा। माता-पिता और बहन चैंपियन बेटे का घर पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। घर में जश्न का माहौल है। बधाइयां देने वालों का तांता लगा है। निषाद के स्वागत को लेकर गुरुवार को चिंतपूर्णी के विधायक बलवीर सिंह ने मंडल भाजपा के साथ बैठक की।
इसमें टोक्यो पैरालंपिक में ऊंची कूद में रजत पदक जीतने वाले निषाद कुमार के भव्य स्वागत की रणनीति बनाई गई। तीन सितंबर को निषाद का धुसाड़ा पहुंचने पर सुबह सवा 12 बजे भव्य स्वागत किया जाएगा। निषाद भैरां में 12 बजकर 25 मिनट पर पहुंचेंगे। इसके बाद बडूही, चुरुडू, नंदपुर और कटोहड़ कलां होते हुए डेढ़ बजे अंब पहुंचेंगे। स्वागत समारोह में भाजपा के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। बैठक में मंडल अध्यक्ष ठाकुर कुलदीप सिंह, महामंत्री महेश मेहता, महामंत्री कुलदीप सिंह ठाकुर, श्याम मन्हास, जयदेव खट्टा, नर्मदा जसवाल, रजनी मनकोटिया, शंभू गोस्वामी, संदीप शर्मा, रितेश पलियाल, प्रशांत शर्मा तथा संजीव कुमार मौजूद रहे।
बता दें प्रदेश सरकार ने निषाद कुमार को पुरस्कार के तौर एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। इससे पहले भी निषाद को पैरालंपिक की तैयारियों के लिए प्रदेश सरकार ने पांच लाख रुपये दिए थे। ऊना जिले के अंब उपमंडल के बदायूं निवासी निषाद ऐसा करने वाले पहले हिमाचली खिलाड़ी बने हैं। उन्होंने 2.06 मीटर ऊंची कूद लगाकर एशियन रिकॉर्ड बनाया था। बता दें कि निषाद के पिता रछपाल सिंह किसान हैं, जबकि माता पुष्पा देवी गृहिणी हैं। निषाद जब आठ साल के थे, तब चारा काटते समय मशीन में उनका हाथ कट गया था।
छोटे से कस्बे के सरकारी स्कूल से 12वीं कक्षा की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने लक्ष्य बना लिया था कि वह खेलों में भविष्य बनाएंगे। ऊंची कूद में उन्होंने सामान्य वर्ग में ही प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया था। वर्ष 2017 में माता-पिता से महज 2500 रुपये लेकर वह घर से पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में प्रशिक्षण लेने चले गए। उस समय पंचकूला की खेल नर्सरी बंद थी, लेकिन निषाद की लगन को देखते हुए कोच नसीम अहमद ने उन्हें कांप्लेक्स में ही खाली कमरा मुहैया करवाया और ट्रेनिंग देनी शुरू कर दी। निषाद की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी।
कोच ने अपनी तरफ से प्रतिमाह 3000 रुपये और अपने दोस्तों की ओर से 7000 रुपये का इंतजाम किया, ताकि उनकी खुराक और तैयारी में कोई कमी न रहे। निषाद ने 2019 से नेशनल कैंप में बंगलूरू में कोच सत्यनारायण की देखरेख में कोचिंग शुरू की। पैरा एथलेटिक में 2.06 मीटर की ऊंची कूद के साथ उनका नेशनल रिकॉर्ड है। 2019 में दुबई में पैरा वर्ल्ड ग्रैंड सिक्स प्रतियोगिता, जिसमें 152 देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया था, वहां निशाद ने कांस्य जीतकर देश का नाम रोशन किया था। दुबई में ही 2021 में नया एशियन रिकॉर्ड बनाया। तब निषाद ने भारत को सिल्वर मेडल के साथ पैरालंपिक में विक्ट्री पोडियम तक पहुंचा दिया। पैरालंपिक में निषाद और अमरीका के डेलेस वाईस ने संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया।
मैहतपुर से लेकर बदाऊं तक होगा निषाद का जोरदार स्वागत
टोक्यो पैरालंपिक में रजत पदक जीतने के बाद पहली बार घर पहुंच रहे निषाद का हिमाचल-पंजाब की सीमा पर भव्य स्वागत किया जाएगा। मैहतपुर से लेकर अंब तक जगह-जगह उन्हें सम्मानित किया जाएगा। वहीं, निषाद के परिजनों ने स्थानीय ठाकुरद्वारा में पूजा का कार्यक्रम भी रखा है। शुक्रवार को निषाद कुमार अपने घर बदाऊं पहुंच रहे हैं। निषाद वीरवार रात आठ बजे चंडीगढ़ पहुंचेंगे। वह शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे हिमाचल प्रदेश के प्रवेश द्वार मैहतपुर पहुंचेंगे। मैहतपुर बॉर्डर पर निषाद के पिता रछपाल सिंह, माता पुष्पा देवी और बहन रमा देवी के साथ भारी संख्या में लोग उनका स्वागत करेंगे।
मैहतपुर में राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सत्ती निषाद का स्वागत करेंगे। इसके पश्चात स्पोर्ट्स एसोसिएशन इंदिरा गांधी स्टेडियम के बाहर निषाद को सम्मानित करेगी। डीसी ऑफिस के बाहर और झलेड़ा में भी उन्हें सम्मानत करने का कार्यक्रम है। उपमंडल अंब के बॉर्डर धुसाड़ा में हिमुडा उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा अपने गृह क्षेत्र में निषाद का स्वागत करेंगे। इसके बाद मुख्य कार्यक्रम खंड विकास कार्यालय अंब के प्रांगण में रखा गया है। इसके बाद निषाद कुमार अपने घर बदाऊं पहुंचेंगे। यहां पिता रछपाल सिंह, माता पुष्पा देवी और बहन रमा सहित रिश्तेदार, ग्रामीण अपने बेटे का स्वागत करेंगे। स्थानीय पंचायत प्रधान पंकज कौंडल ने बताया कि निषाद के परिजनों ने स्थानीय ठाकुरद्वारा मंदिर में पूजा का कार्यक्रम रखा है।