हिमाचल मानसून सीजन: हाईवे पर हादसा, भूस्खलन या जाम लगे तो तुरंत मिलाएं 1033, एनएचएआई ने जारी की एडवाइजरी
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने हिमाचल में मानसून सीजन के मद्देनजर वाहन चालकों और यात्रियों से यह अपील की है। प्राधिकरण ने मानसून को लेकर एडवाइजरी भी जारी की है।
विस्तार
राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर के दौरान दुर्घटना, भूस्खलन, सड़क जाम या अन्य आपात स्थिति आने पर अब सड़क उपयोगकर्ता टोल फ्री हेल्पलाइन 1033 पर तुरंत सूचना दे सकते हैं। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने हिमाचल में मानसून सीजन के मद्देनजर वाहन चालकों और यात्रियों से यह अपील की है। प्राधिकरण ने मानसून को लेकर एडवाइजरी भी जारी की है। एनएचएआई ने संवेदनशील और दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान कर निगरानी बढ़ा दी है। ऐसे क्षेत्रों में जेसीबी सहित आवश्यक मशीनरी, तकनीकी विशेषज्ञों और फील्ड स्टाफ की तैनाती की गई है, ताकि सड़क बंद होने या अन्य आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। पिछले वर्षों में सबसे अधिक प्रभावित स्थानों को भी विशेष निगरानी में रखा गया है। यहां ढलानों को स्थिर करने, रिटेनिंग वॉल बनाने, जल निकासी व्यवस्था मजबूत करने और कटाव रोकने के कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही पुलों और अन्य सुरक्षात्मक ढांचों के निर्माण की योजना पर भी काम चल रहा है।
एनएचएआई ने जिला प्रशासन, पुलिस और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ समन्वय भी बढ़ाया है, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में यातायात जल्द बहाल किया जा सके। यात्रियों से भारी बारिश के दौरान सावधानी बरतने और प्रशासन की ओर से जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है। एनएचएआई हमीरपुर परियोजना निदेशक राकेश यादव ने कहा कि मॉनसून के दौरान हाईवे पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि सड़क उपयोगकर्ता दुर्घटना, भूस्खलन, जाम या अन्य समस्या की सूचना तत्काल 1033 पर दें, ताकि मौके पर त्वरित राहत और यातायात बहाली की कार्रवाई शुरू की जा सके।