नीदरलैंड सरकार ग्लोबल इन्वेस्टर मीट में आने को तैयार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नीदरलैंड सरकार के प्रतिनिधि और वहां के उद्यमी हिमाचल में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर मीट में आने को तैयार हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नीदरलैंड को फूड प्रोसेसिंग उद्योग में निवेश करने का न्योता दिया है, जिसे वहां के एक मंत्रालय के सेक्रेटरी जनरल ने मंजूर किया है।
नीदरलैंड के जाप स्मिट प्रांत के प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया है कि वह धर्मशाला में होने जा रही मेगा इन्वेस्टर मीट में अपनी खास भागीदारी रखेगा। इस मेगा इवेंट के लिए डच बिजनेस और ट्रेड मिशन का भी विशेष सहयोग रहेगा।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हिमाचल का प्रतिनिधिमंडल वीरवार को जर्मनी से नीदरलैंड पहुंच गया। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हिमाचल के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को नीदरलैंड के कृषि, प्रकृति और खाद्य गुणवत्ता मंत्रालय के सेक्रेटरी जनरल जन-कीस-गोएट से भेंट कर मंत्रणा की।
उनसे कृषि, बागवानी और अन्य संबंधित क्षेत्रों में हिमाचल में निवेश करने को सहयोग मांगा। सीएम जयराम ठाकुर ने उन्हें अवगत करवाया कि हिमाचल को प्रकृति ने कई संसाधनों से संपन्न बनाया है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल को भारत के ‘फ्रूट बाउल’ के रूप में जाना जाता है। यह अपनी जलवायु परिस्थितियों के चलते विभिन्न तरह के फलों का उत्पादन करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि फलों और खाद्य पदार्थों की प्रोसेसिंग में व्यापक संभावना है।
प्रांतों के किंग्स कमिश्नरों से भी मिला हिमाचली प्रतिनिधिमंडल
जयराम ठाकुर ने कहा कि डच की पानी के प्रबंधन और कृषि तथा बागवानी में कम जमीन का इस्तेमाल कर अच्छा उत्पादन लेने में महारत है। यह तकनीक हिमाचल के लिए भी बुहत ही उपयोगी साबित हो सकती है।
कृषि, प्रकृति एवं खाद्य गुणवत्ता मंत्रालय के सेक्रेटरी जनरल जन-कीस-गोएट ने कहा कि नीदरलैंड ने प्रमुख स्टेक होल्डरों यानी सरकार, अनुसंधान केंद्रों और कृषि व्यवसायियों के बीच एक अच्छा त्रिकोण बनाया है।
उन्होंने ग्लोबल इन्वेस्टर मीट में आने के मुख्यमंत्री के आमंत्रण को भी स्वीकार किया। मुख्यमंत्री और अन्य प्रतिनिधियों ने एमस्टरडम आरएआई में ग्रीनटैक एग्जिबिशन का भी दौरा किया। यहां बागवानी आधारित एक बड़ी प्रदर्शनी लगी है।
मुख्यमंत्री ने साउथ हॉलैंड, प्रोविंसिहुइस, जुईड हॉलैंडलान और हेग जाप स्मिट प्रांतों के किंग्स कमिश्नर से कृषि, बागवानी आदि के क्षेत्र में सहयोग पर भी विचार-विमर्श किया। जाप स्मिट की ओर से आश्वस्त किया गया कि धर्मशाला में होने जा रही मेगा इन्वेस्टर मीट में इसकी खास भागीदारी रहेगी।
नवंबर में वर्ल्ड फूड एक्पो के बाद होगी मेगा इन्वेस्टर मीट: जयराम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नीदरलैंड में कहा कि नवंबर में धर्मशाला में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर मीट का आयोजन हो रहा। जयराम ठाकुर ने कहा कि 3 और 4 नवंबर को नई दिल्ली में वर्ल्ड फूड एक्पो होगा। उसी के बाद धर्मशाला में यह ग्लोबल इन्वेस्टर मीट होगी।
उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह, नीदरलैंड में भारत के राजदूत वेणु राजामोनी, मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. श्रीकांत बाल्दी, अतिरिक्त मुख्य सचिव उद्योग मनोज कुमार, निदेशक उद्योग हंसराज शर्मा, विशेष सचिव आबिद हुसैन सादिक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस मौके पर मौजूद रहे।