Solan News: नालागढ़ ट्रक यूनियन दोफाड़, भाजपा के गुरमेल चौधरी को समानांतर प्रधान चुना
एक तरफ जहां मुख्य संसदीय सचिव हिमाचल प्रदेश सरकार के भाई हरभजन सिंह ने नालागढ़ कार्यालय में जाकर यूनियन के अध्यक्ष पद का भार ग्रहण कर लिया, वहीं उनके विरोधी दूसरे गुट ने भाजपा नेता गुरमेल चौधरी को समानांतर प्रधान चुन लिया और उन्होंने भी कार्यभार संभाल लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नालागढ़ ट्रक ऑपरेटर यूनियन में कुर्सी को लेकर चल रही खींचतान खत्म नहीं हो रही। एक तरफ जहां मुख्य संसदीय सचिव हिमाचल प्रदेश सरकार के भाई हरभजन सिंह ने नालागढ़ कार्यालय में जाकर यूनियन के अध्यक्ष पद का भार ग्रहण कर लिया, वहीं उनके विरोधी दूसरे गुट ने भाजपा नेता गुरमेल चौधरी को समानांतर प्रधान चुन लिया और उन्होंने भी कार्यभार संभाल लिया। अब एशिया की सबसे बड़ी ट्रक यूनियन के दो-दो प्रधान बन गए हैं और दोनों ही कुर्सी पर काबिज हो गए हैं। सुबह कांग्रेस नेता और सीपीएस के भाई हरभजन सिंह नालागढ़ कार्यालय में पहुंचे और उन्होंने दल-बल से कार्यभार संभाल लिया। जबकि दोपहर बाद भाजपा नेता गुरमेल चौधरी ने कार्यभार संभाला। इनके साथ कोषाध्यक्ष गुरदेव चौधरी, उपाध्यक्ष सोहन लाल और उपाध्यक्ष गुरमीत सिंह ने भी कार्यभार ग्रहण किया।
वहीं मलकूमाजरा गांव में भाजपा से जुड़े गुट ने अलग बैठक की। ट्रक ऑपरेटर सहकारी सभा के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ठाकुर समेत दून पहाड़, नालागढ़ और रामशहर के ट्रक ऑपरेटरों ने बैठक में कहा कि यूनियन के अध्यक्ष की गद्दी किसी परिवार की जागीर नहीं है। जब दून के विधायक रामकुमार चौधरी प्रदेश सरकार में सीपीएस बनकर अहम ओहदे पर काबिज हो चुके हैं तो उनके परिवार को यूनियन में पद के लालच में हस्तक्षेप करके अध्यक्ष पर पर जबरन काबिज नहीं होना चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि जिस प्रकार यूनियन पर कब्जा करने का प्रयत्न किया गया है। ऐसा नहीं होना चाहिए। 40 साल में यूनियन के चुनाव नालागढ़ में होते थे लेकिन जब चौधरी परिवार ने देखा कि बहुमत नहीं है, तो बद्दी में अपनी गृह पंचायत संडोली में गुपचुप चुनाव करवा लिए। जब एसडीएम ने स्वयं 10 फरवरी की बैठक में कहा था कि 15 फरवरी को चुनाव की तिथि तय की जाएगी तो इतनी जल्दी क्या थी कि चुनाव करवाकर स्वयं अध्यक्ष बन बैठे।
गाड़ियों के नंबर गोल किए तो होगी एफआईआर
सहकारी सभा के अध्यक्ष जितेंद्र ठाकुर ने कहा कि अगर बद्दी कार्यालय या बरोटीवाला कार्यालय से नालागढ़ या पहाडी ट्रांसपोर्टरों के नंबर गायब किए तो ऐसे व्यक्तियों पर कार्रवाई होगी और प्राथमिकी दर्ज करवाई जाएगी। इस मौके पर सोहन लाल, सुभाष ठाकुर, जरनैल सिंह, जसवंत सिंह उपस्थित रहे। जितेंद्र ठाकुर ने जहां चौधरी परिवार पर निशाना साधा। वहीं मुख्यमंत्री से आग्रह किया वह दाड़लाघाट और बरमाणा से सबक लेते हुए सीपीएस को समझाएं कि वह अपने परिवार को इस विवाद से दूर रखें।
ट्रांसपोर्टरों का भला मेरी प्राथमिकता : गुरमेल
भाजपा से जुडे गुरमेल चौधरी ने यूनियन के अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालने के बाद कहा कि उनका एक ही मकसद है कि यूनियन एकजुट रहे और उद्योगों से तालमेल बनाकर ज्यादा से ज्यादा काम लिया जाए।