पूर्व मंगेतर ने ही युवक को उतारा मौत के घाट, आरोपी ने जुर्म कबूला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलिस थाना नादौन के तहत मालग पंचायत में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी आमिर खान पुत्र हाकम दीन गांव शस्तर दडूही ने पुलिस को दिए बयान में युवक के कत्ल का जुर्म कबूल किया है। उसने कहा है कि बलेटा गांव में उन दोनों की नोकझोंक हुई। इसके बाद वह रफीक (मृतक) की बाइक पर ही दोनों गांव आए।
जहां पर मामला बढ़ गया और उसने पत्थर से रफीक के सिर पर वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी ने मौका से शव को उठाकर ठां गांव के डीएवी स्कूल के निकट सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। जबकि, उसकी बाइक को यहां से 2 किलोमीटर दूर बदेड़ा गांव में नाले में फेंक दिया और रफीक के विवाह के कार्ड इसी स्थल से कुछ दूर जंगल में फाड़ कर फेंक दिए।
पुलिस को बलेटा गांव में हुए झगड़े के स्थल पर जो खून गिरा पड़ा मिला था, उसी के आधार पर डॉग स्क्वायड की मदद से शव को बरामद किया गया। हालांकि, उसने इस वारदात के समय उसके साथ किसी और के होने की सूचना की जानकारी पुलिस को नहीं दी है।
रफीक का अप्रैल माह में विवाह था और वह विवाह का न्योता देने शुक्रवार को घर से निकला था। लेकिन शाम को घर नहीं लौटा। परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस में की। जिसके बाद शनिवार सुबह उसका शव बरामद हुआ। बताया जा रहा कि जिस लड़की से रफीक की शादी होनी थी, आरोपी उसी लड़की का पूर्व में मंगेतर रहा है। लेकिन, किन्हीं कारणों से दोनों की सगाई टूट गई।
वहीं, इस वारदात में और कौन-कौन शामिल थे, पुलिस इसकी छानबीन कर रही है। उधर, रविवार को मंडी से आई फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर जाकर छानबीन की और कुछ अहम सुराग टीम के हाथ लगे हैं। जांच अधिकारी चुन्नी लाल का कहना है कि पुलिस को दिए बयान में आरोपी आमिर खान ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
इस दौरान उसने अकेले ही रफीक की हत्या करने की बात कबूली है। पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर का कहना है कि इस मामले में आमिर खान को गिरफ्तार किया गया है। इस मारपीट में और कितने लोग शामिल थे, यह जांच का विषय है। इस बारे में छानबीन की जा रही है।