नगर निगम चुनाव: 29 अप्रैल को धर्मशाला में कांग्रेस प्रत्याशियों पर मुहर संभव, भाजपा प्रभारी भी पहुंचे शिमला
30 अप्रैल को जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में राहुल गांधी के धर्मशाला दौरे को देखते हुए कांग्रेस नेतृत्व एक दिन पहले ही प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया पूरी करना चाहता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नगर निगम चुनावों को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी 29 अप्रैल को धर्मशाला में प्रस्तावित चुनाव समिति की बैठक में प्रत्याशियों की घोषणा कर सकती है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार, प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल सहित अन्य वरिष्ठ नेता धर्मशाला पहुंचेंगे। शाम 6:00 बजे होने वाली बैठक में चारों नगर निगमों के उम्मीदवारों पर अंतिम मुहर लगने की संभावना है। 30 अप्रैल को जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में राहुल गांधी के धर्मशाला दौरे को देखते हुए कांग्रेस नेतृत्व एक दिन पहले ही प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया पूरी करना चाहता है। इसके लिए धर्मशाला, पालमपुर, सोलन और मंडी नगर निगम चुनावों के लिए नियुक्त प्रभारी और ऑब्जर्वर अपनी-अपनी रिपोर्ट पेश करेंगे, जिसके आधार पर टिकट आवंटन किया जाएगा। इस बीच, संबंधित क्षेत्रों में प्रभारी मंत्रियों ने भी गतिविधियां तेज कर दी हैं। सोलन का जिम्मा संभाल रहे उद्योग मंत्री ने सोमवार को सोलन में बैठक कर फीडबैक लिया, जबकि मंडी के प्रभारी विक्रमादित्य सिंह भी क्षेत्र में सक्रिय हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, सोलन नगर निगम के उम्मीदवारों की घोषणा भी इसी बैठक में होगी, जबकि पालमपुर और धर्मशाला नगर निगम के प्रत्याशियों की पहली सूची मंगलवार को जारी होने की संभावना जताई जा रही है।
भाजपा प्रभारी पहुंचे शिमला, प्रत्याशियों पर होगा मंथन
प्रदेश में नगर निगम चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा सोमवार देर शाम को शिमला पहुंचे। पार्टी मुख्यालय दीपकमल चक्कर में पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में धर्मशाला, मंडी, पालमपुर और सोलन नगर निगमों के लिए प्रत्याशियों के नामों पर मंथन किया जाएगा। संभावना जताई जा रही है कि देर शाम तक उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की जा सकती है। भाजपा नेतृत्व इस बार चुनावों को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता। प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, डॉ. राजीव बिंदल और जयराम ठाकुर की संयुक्त बैठक में उम्मीदवार चयन के साथ स्थानीय समीकरणों, जीत की संभावनाओं और संगठनात्मक मजबूती पर गहन चर्चा होगी। बैठक में चारों नगर निगमों के लिए गठित प्रबंधन टोलियों के साथ अलग-अलग सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
इनमें हर क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति, स्थानीय मुद्दों, संभावित प्रत्याशियों की छवि और जनता के बीच उनकी पकड़ का विश्लेषण किया जाएगा। इसके अलावा चुनाव प्रचार को धार देने के लिए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने, जनसंपर्क अभियान को तेज करने और सोशल मीडिया रणनीति को सशक्त बनाने पर भी फोकस रहेगा। पार्टी सूत्रों का कहना है कि केंद्र और पूर्व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रमुखता से जनता तक पहुंचाने की योजना बनाई जा रही है। पार्टी नेताओं का मानना है कि मजबूत संगठनात्मक ढांचा और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। यही वजह है कि चुनावी तैयारियों को लेकर प्रदेश नेतृत्व पूरी तरह मिशन मोड में नजर आ रहा है। प्रभारी श्रीकांत शर्मा का यह दौरा संकेत देता है कि भाजपा शहरी निकाय चुनावों को बेहद गंभीरता से ले रही है और जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीतिक स्तर पर हर पहलू पर काम कर रही है।