बिना शौचालय के न दिया जाए बिजली-पानी कनेक्शन : शांता
नवनिर्मित घर को अब बिना शौचालय बिजली और पानी का कनेक्शन नहीं मिलेगा। चंबा-कांगड़ा के सांसद शांता कुमार ने जिला उपायुक्त को इस बाबत निर्देश जारी कर नए प्रावधान की जानकारी दी है। सांसद ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने में ग्रामीण क्षेत्रों में परेशानी आ रही है।
कई लोग शौचालय का निर्माण नहीं कर रहे हैं। इसी के चलते केंद्र सरकार ने अब शौचालय को बिजली-पानी कनेक्शन के लिए अनिवार्य प्रावधान बना दिया है। ऐसे में जिला प्रशासन और संबंधित विभाग इस प्रावधान को लागू करवाएं।
सांसद ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान के लक्ष्य प्राप्त करने में खंड विकास अधिकारी व संबंधित अमले को गंभीरता से काम करना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार के नए प्रावधान के तहत नवनिर्मित घरों में बिजली-पानी कनेक्शन के लिए पंचायत या नगर परिषद का एनओसी लेना होगा।
इसमें शौचालय निर्माण की पुष्टि सुनिश्चित की जाएगी। सांसद ने कहा कि खुद जिला उपायुक्त इस प्रावधान को अपनी निगरानी में सख्ती से लागू कराएं। यदि कोई कर्मचारी इसमें कोताही बरतता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
चंबा और कांगड़ा में लगाया जाएगा हेल्थ मेला : शांता
सांसद शांता कुमार ने कहा कि चंबा के सलूणी और कांगड़ा में हेल्थ मेले का आयोजन किया जाएगा। चंबा में पत्रकार वार्ता में सांसद ने कहा कि केंद्र ने मुनाफा कमाने वाली 180 कंपनियों को विकास में योगदान देने के निर्देश दिए हैं।
इस पर अमल की निगरानी के लिए लोकसभा की स्थायी समिति भी बनी है, जिसकी वह अध्यक्षता कर रहे हैं। शांता ने कहा कि समिति ने अनुशंसा की थी कि कंपनियों के सामाजिक दायित्व फंड से देश के 128 जिलों में पैसा खर्च किया जाए। इसी के तहत चंबा और कांगड़ा में हेल्थ मेले का आयोजन कराया जाएगा।
इसके लिए 12 लाख का बजट निर्धारित किया गया है। उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र में चंबा और कांगड़ा में हेल्थ मेले का अनुरोध किया है जिस पर अमल किया जाएगा। इस योजना के तहत सांसद के अनुरोध पर दो स्थानों पर हेल्थ मेले लगाए जा सकते हैं।