कैसे चोरी हुआ नेपाल नरेश का 30 किलो का घंटा, बनेगी फिल्म
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी शिमला स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडी से रहस्यमयी ढंग से चोरी हुए अष्टधातु से बने 30 किलो वजनी दुर्लभ घंटे की गूंज मायानगरी मुंबई तक पहुंच गई है। नेपाल नरेश की ओर से गिफ्ट किए गए इस घंटे की चोरी की जांच सीबीआई को सौंपने के बाद मामला हाई प्रोफाइल हो गया है। अब इस पर बॉलीवुड फिल्म बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। शिमला बेस्ड बॉलीवुड कलाकार हैपी शर्मा ने मुंबई से फोन कर इसका खुलासा किया।
साथ ही अमर उजाला अखबार में छपी घंटा चोरी की खबरों की कटिंग भी मांगी है। उनका कहना है कि विदेशों में भी इस तरह रहस्यमयी चोरी की चर्चा सुनी थी। हिमाचल जैसे शांत प्रदेश में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडी से चोरी होना बड़ी बात है। उन्होंने बताया कि नवंबर माह में वे शिमला आकर पुलिस से चोरी से जुड़े सभी तथ्य जुटाएंगे। बॉलीवुड के नामी फिल्म लेखकों से बातचीत के बाद फिल्म बनाने का फैसला लिया गया है।
धमाल, संडे फिल्म में किया हैपी ने अभिनय
जिला शिमला के सुन्नी क्षेत्र के थाची गांव निवासी हैपी शर्मा बीएसएन स्कूल चक्कर और लालपानी स्कूल शिमला से पढ़े हैं। स्कूल टाइम से ही वे रंगमंच से जुडे़ रहे। हैप्पी ने सनम रे, धमाल, संडे और जुगाड़ जैसी फिल्मों में अभिनय किया है।
स्टार प्लस पर आने वाले धारावाहिक एक घर बनाऊंगा में उन्होंने बच्चू मामा का किरदार निभाया है। वह मिरिंडा, एयरटेल, हिट सहित कई प्रोडक्ट के विज्ञापन भी कर चुके हैं। हैपी शर्मा बीते दस सालों से मायानगरी मुंबई में रह रहे हैं।
पांच साल पहले चोरी हुआ था दुर्लभ घंटा
शिमला स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडी में 30 किलो वजनी अष्टधातु का घंटा 1903 में तत्कालीन नेपाल नरेश राजा रत्न बहादुर सिंह ने इसे गिफ्ट के तौर पर दिया था। यह घंटा संस्थान के मुख्यद्वार से कुछ कदम दूर रिसेप्शन के सामने बरामदे में रखा था। पांच साल पहले ये घंटा रातोंरात चोरी हो गया।
पुलिस अब तक नहीं जान पाई कि इसे किसने चुराया है। सुरक्षा के बीच इतने बड़े घंटे के चोरी होने की खबर किसी को क्यों नहीं लगी। अब ये मामला सीबीआई को सौंपा गया है। बताया जा रहा है कि इस घंटे को विदेश पहुंचा दिया है। इंटरनेशनल मार्केट में इस घंटे की कीमत करोड़ों में हो सकती है।